बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरहा गांव में तालाब में डूबने से एक किशोरी की मौत हो गयी है। मृतका की पहचान बरहा गांव निवासी रामस्वरुप ठाकुर की पुत्री आरती कुमारी (17) के रूप में की गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका शनिवार की सुबह शौच के लिये गांव के उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर स्थित तालाब के समीप गयी थी, जहां पांव फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में जा डूबी, जिससे उसकी मौत हो गयी। काफी देर तक मृतका को घर नही लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ने लगी तो परिजन तालाब किनारे पहुंचे, जहां मृतका का चप्पल तालाब के पानी में तैरते देखा तो शोर मचाना शुरू किया।






इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब के पानी से बाहर निकाला गया और घटना की सूचना बेनीपट्टी थाना पुलिस को दी गयी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। उधर, घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।







