Bihar Bakrid News: बक़रीद पर्व को लेकर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। मुख्य सचिव और डीजीपी ने सभी जिलों के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और सोशल मीडिया की निगरानी करने को कहा गया है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
बक़रीद पर प्रशासन अलर्ट, मुख्य सचिव के कड़े निर्देश
बकरीद के मौके पर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बुधवार को सभी जिलों के डीएम, एसपी, डीआईजी और आईजी रैंक के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि इस त्योहार को बिना किसी तनाव और पूरे सौहादपूर्ण तरीके से संपन्न किया जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि बक़रीद की सुबह से ही सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च पर निकलें। असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर भी खास तौर से पैनी नजर बनाए रखनी है। किसी भी स्थान पर तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए जिले पहले से ही पूरी तैयारी कर लें।
डीजीपी और डीजी स्पेशल ब्रांच ने दिए ये विशेष निर्देश
इस मौके पर डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले इस त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए। कुर्बानी स्थलों और संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण बल, पुलिस और जिला बल के जवान रूट मार्च करेंगे। उन्होंने पर्याप्त दंगा नियंत्रण वाहनों और बॉडी सूट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उपद्रवी लोगों की पहचान कर उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया जाए। सभी थानों को निरंतर पेट्रोलिंग, खासकर रात्रि गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी संदिग्ध स्थिति या गतिविधि दिखने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
डीजी (स्पेशल ब्रांच और एसटीएफ) कुंदन कृष्णन ने कहा कि सभी जिलों में पुलिस अधिकारी सुबह चार बजे से फ्लैग मार्च शुरू करें। मिश्रित आबादी वाले धार्मिक स्थानों पर सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर नजर रखी जाए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर काम करें और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर तुरंत कार्रवाई करें।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
पूरे राज्य में शांति, सौहार्द और सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।







