Bihar Train Pantry: पूर्व रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। अब 32 प्रमुख मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में मिनी पैंट्रीकार सेवा शुरू की जाएगी। इस पहल से बिहार से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सस्ती और स्वच्छ खान-पान की सुविधा मिलेगी।
सफर में मिलेगी सस्ती और स्वच्छ खान-पान सेवा
पूर्व रेलवे की इस योजना में सियालदह डिवीजन के अंतर्गत चलने वाली 13159/60 कोलकाता-जोगबनी चितपुर एक्सप्रेस ट्रेन भी शामिल है। इस ट्रेन में भी यात्रियों को जल्द ही मिनी पैंट्रीकार की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे लंबी दूरी का सफर अधिक आरामदायक हो जाएगा।






रेलवे प्रशासन की इस पहल का बिहार के विभिन्न यात्री संगठनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। इनमें बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन के सदस्य बच्छराज राखेचा, इंडो नेपाल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी, रेल संघर्ष समिति के संयोजक आजादशत्रु अग्रवाल, बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन के सदस्य चंदन भगत, फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा और रेलवे कम्यूटर्स फोरम के सदस्य राकेश रोशन शामिल हैं। इन सभी ने रेलवे के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जल्द पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया, यात्रियों को मिलेगा लाभ
इंडो नेपाल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी ने बताया कि इस सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सुविधा रेल यात्रियों को शीघ्र ही उपलब्ध हो जाएगी। विनोद सरावगी ने यह भी कहा कि ट्रेन के अंदर यात्रियों को चाय, नाश्ता, खाना और ड्रिंकिंग वॉटर न सिर्फ अपेक्षाकृत कम मूल्य पर उपलब्ध होंगे, बल्कि इनकी गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
पूर्व रेलवे का यह निर्णय उन यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा जो लंबी दूरी की यात्रा करते हैं और अक्सर ट्रेन में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और कीमत को लेकर चिंतित रहते हैं। यह कदम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।








