Pakistan Women’s Team: महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम के हाथों मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान महिला टीम ने जबरदस्त वापसी की है। हांगकांग को 72 रनों के बड़े अंतर से हराकर पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पाकिस्तान अब 11 सितंबर को दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा।
इस शानदार जीत ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबले की उम्मीदों को बढ़ा दिया है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। हालांकि, पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना पर भारत के खिलाफ महिला एशिया कप मुकाबले के दौरान शैफाली वर्मा को आउट करने के बाद विदाई इशारा (सेंड ऑफ) करने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।
दुबई में नशरा संधू का कमाल, पाकिस्तान की धमाकेदार जीत
भारत के खिलाफ सिर्फ 55 रनों पर ढेर होने के बाद, पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने दुबई में हुए मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। टीम की जीत में सबसे बड़ा योगदान स्पिनर नशरा संधू का रहा, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से हांगकांग के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। संधू के इस प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने मैच को एकतरफा बनाते हुए 72 रनों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन बनाए। शावाल जुल्फिकार ने 35 गेंदों में सात चौकों की मदद से 47 रन की अहम पारी खेली। आयशा जफर ने 19 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि कप्तान फातिमा सना 24 गेंदों में 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। हांगकांग की जॉयलीन कौर ने चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम नशरा संधू की फिरकी के सामने टिक नहीं सकी और 71 रन पर ऑलआउट हो गई। नशरा ने चार ओवर में सिर्फ सात रन देकर छह विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नशरा का पहला छह विकेट वाला प्रदर्शन है। उनके 4-0-7-6 के आंकड़े पाकिस्तान की महिला क्रिकेटर द्वारा टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी बन गए। उन्होंने ओमैमा सोहैल के 2022 में श्रीलंका के खिलाफ बनाए गए 5/13 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
पाकिस्तान ने तीन मैचों में दो जीत के साथ ग्रुप-ए में चार अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
सेमीफाइनल में जगह पक्की, फाइनल में भारत से भिड़ंत की उम्मीद
हांगकांग पर मिली इस निर्णायक जीत के साथ ही पाकिस्तान महिला टीम ने महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत से मिली करारी हार के बाद टीम के मनोबल पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन इस जीत ने न केवल आत्मविश्वास लौटाया है, बल्कि टूर्नामेंट में उनकी दावेदारी को भी मजबूत किया है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें फाइनल में एक बार फिर आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला टूर्नामेंट का रोमांच कई गुना बढ़ा देगा।









You must be logged in to post a comment.