मुख्य बातें: उत्पाद पुलिस पर युवक की पिटाई का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, शराब के नशे में पकड़ाया था दरभंगा युवक, पिपरौन चेकपोस्ट के उत्पाद पुलिस के एएसआई महेश कुमार का मारपीट से इनकार
हरलाखी, मधुबनी देशज टाइम्स। प्रखंड के इंडो-नेपाल सीमा के जटही-पिपरौन बॉर्डर पर उत्पाद पुलिस ने दरभंगा के राजीव कुमार सिंह की जमकर पिटाई कर दी। उत्पाद पुलिस का कहना है कि उसने शराब पी रखी थी।






इससे ग्रामीणों में उबाल आ गया। ग्रामीणों ने उत्पाद पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उत्पाद पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध किया। प्रदर्शन और नारेबाजी की करते हुए ग्रामीणों का कहना था कि उत्पाद पुलिस ने बॉर्डर पर एक युवक की पिटाई कर दी। इससे युवक जख्मी हो गया। पढ़िए पूरी खबर
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने उत्पाद पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिपरौन चेकपोस्ट के उत्पाद पुलिस ने बॉर्डर पर शराब पीने के आरोप में कुछ लोगों को पकड़ा। इस दौरान उत्पाद पुलिस ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट की। इससे युवक का पैर टूट गया। और, वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय अरविंद कुमार, ऋषि कुमार, हृदय पासवान, कारी साह आदि ने बताया कि घायल युवकदरभंगा के राजीव कुमार सिंह को गंभीर अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर उत्पाद पुलिस भाग गयी।
इस संबंध में पिपरौन चेकपोस्ट में पदस्थापित उत्पाद पुलिस के एएसआई महेश कुमार ने बताया कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। उत्पाद पुलिस ने किसी के साथ मारपीट नहीं की गई है।








