
मुख्य बातें: शहर के पॉश इलाके में शव मिलने से फैली सनसनी, परिजनों में मची चीख पुकार, पुलिस हिरासत में तीन लोगों से पूछताछ जारी
मधुबनी,देशज टाइम्स संवाददाता। मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के वाटसन स्कूल में मंगलवार अहले सुबह स्कूल खुलते ही एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।यह सूचना जंगल में लगी आग की तरह फैल गई।
सूचना पर इकट्ठा हुई भीड़ में एक युवक ने मृतक की पहचान कोतवाली चौक के निकट स्थित बारी टोला निवासी गणेश बारी के 16 वर्षीय पुत्र अविनाश बारी के रूप में की। घटना जानकारी मिलने पर नगर थाना की पुलिस पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर पुनः शव परिजनों के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के गले पर दबाने जैसा निशान प्रतीत हो रहा था। वहीं दाएं हाथ का नस कटा हुआ था। अविनाश के तीन भाई बहन हैं। उसके पिता गणेश बारी शहर व गांव में चापाकल गाड़ने का काम करते हैं।
मां रीता देवी गृहणी हैं।मृतक अविनाश की मां ने बताया कि बीते सोमवार शाम 6 बजे में पड़ोस के राम बालक के पुत्र नीरज ने फोन कर उसे बुलाया। उसके बाद अविनाश अपनी बहन से मेला देखने के नाम पर पैसा लेकर निकला लेकिन रात भर घर नहीं आया और सुबह वाटसन स्कूल के कैंपस से उसका शव मिला।
अविनाश के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया कि अविनाश मिलनसार स्वभाव का था। आस पड़ोस में उसका किसी से कभी कोई झगड़ा नहीं होता था कोई कुछ बोल भी देता तो वो मुस्कुरा कर टाल जाता था।
घर वाले और पड़ोसी अविनाश की हत्या से अचंभित हैं।आखिर किसने और क्यों अविनाश की हत्या की। वहीं हत्या को लेकर आस पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों को पुलिस ने उठाया है जिससे पूछताछ जारी है।
वहीं, शहर के पॉश इलाके में युवक का शव मिलने से आसपास में सनसनी फैली है। अविनाश के हत्या की खबर सुनते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। उसके घर ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा है। वहीं सूत्रों ने बताया कि मृतक युवक नशे का भी आदि था।






