Virat Kohli Test Retirement: भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में से एक विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी वापसी की संभावनाओं पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कर दिया कि वह अब लाल गेंद के फॉर्मेट से आगे बढ़ चुके हैं, जिससे उनके फैंस के बीच चल रही सभी अटकलें खत्म हो गई हैं। कोहली ने यह बयान अपने ‘वन8 ग्लोबल’ ब्रांड के प्रीमियर कार्यक्रम में दिया, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और करियर के कई पहलुओं पर भी बात की।
टेस्ट क्रिकेट में वापसी पर कोहली का दो टूक जवाब
विराट कोहली ने पिछले साल मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और अब वह केवल वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं। हालांकि, कई रिपोर्ट्स में उनकी टेस्ट में वापसी की बातें सामने आती रही हैं। रविवार को ‘वन8 ग्लोबल’ के प्रीमियर कार्यक्रम में उनसे मजाक में पूछा गया कि क्या वह टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे ताकि उनके लाल रंग के जूतों की बिक्री और मुनाफा बढ़ सके। इस पर कोहली ने हंसते हुए बेबाकी से जवाब दिया।






मैं कम बिक्री होना पसंद करूंगा। मैं टेस्ट क्रिकेट से आगे बढ़ चुका हूं।
आपको बता दें कि विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर में 9,230 रन बनाए थे और अब उन्होंने अपने नए ब्रांडेड जूतों की कीमत भी 9,230 रुपये ही रखी है। उनका यह बयान साफ दर्शाता है कि वह अपने फैसले पर अडिग हैं और अब टेस्ट क्रिकेट में वापसी का कोई इरादा नहीं रखते।
करण औजला के गाने और पिता से जुड़ाव
इसी कार्यक्रम के दौरान विराट कोहली ने सिंगर करण औजला से बातचीत करते हुए बताया कि वह उनके गानों के बहुत बड़े फैन हैं। उन्होंने विशेष रूप से औजला के ‘विनिंग स्पीच’ गाने का जिक्र किया, जिसे वह मैच से पहले कई बार सुनते हैं।
आप दिल से गाने लिखते हैं, जो कि आपकी कला में झलकता है। ‘विनिंग स्पीच’ गाना उन्हीं में से एक है। ये आपके जीवन के बारे में काफी कुछ बताता है।
कोहली ने ‘विनिंग स्पीच’ गाने के साथ अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जब वह छोटे थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। उस समय जीवन की चुनौतियों का सामना करना उनके लिए आसान नहीं था। इस गाने में संघर्ष, मेहनत और मुश्किल हालात से निकलकर सफलता हासिल करने की बात कही गई है, जो उन्हें अपनी ही यात्रा जैसी लगती है।
दिल्ली से विराट का गहरा रिश्ता
विराट कोहली ने इस इवेंट में दिल्ली के साथ अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली उनके दिल के बेहद करीब है और यहां ‘वन8’ लॉन्च करना उनका एक सपना था, जो रविवार की रात साकार हुआ।
दिल्ली ही वह जगह है जहां से मेरे लिए सब कुछ शुरू हुआ। मेरा जन्म दिल्ली में हुआ, मेरे क्रिकेट का सफर दिल्ली से शुरू हुआ और दिल्ली हमेशा मेरे साथ रहेगी। इसलिए, इतने सालों बाद दिल्ली में One8 लॉन्च कर पाना। एक विजन और सपने का इस तरह सच होना और उसका को-फाउंडर बनना। कुछ ऐसा है जिसका मैंने हमेशा सपना देखा था।
कोहली ने अपने फैंस के प्यार और समर्थन को भी सराहा, जिसकी वजह से वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। उनका यह बयान न केवल उनके करियर के एक बड़े फैसले पर मुहर लगाता है, बल्कि उनके व्यक्तिगत संघर्षों और अपने जड़ों से जुड़ाव को भी उजागर करता है।








