Darbhanga Crime: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक चाचा ने व्यापारिक विवाद के चलते अपने दो भतीजों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में एक भतीजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना गुरुवार शाम अलीनगर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में हुई है, जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव निवासी अकलू साह के 17 वर्षीय पुत्र गोलू साह की इस हमले में मौत हो गई। वहीं, गोलू के बड़े भाई 19 वर्षीय चंदन साह को गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल, बेनीपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोलू साह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






चाचा ने किया हमला, आरोपी फरार
यह पूरी वारदात व्यापारिक विवाद का नतीजा बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोलू और चंदन पर उनके चाचा प्रमोद साह ने चाकू से हमला किया था। इस घटना के बाद से आरोपी चाचा प्रमोद साह मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल चंदन साह का हालचाल जाना और उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली।
आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने आरोपी प्रमोद साह की गिरफ्तारी के लिए तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अलीनगर के पंचायत सूत्रों ने इस घटना की पुष्टि की है और बताया कि परिवार में लंबे समय से व्यापारिक मामलों को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने गुरुवार की शाम एक दुखद मोड़ ले लिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।








