Bhagalpur Rojgar Mela: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की प्रधानमंत्री अनु० जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के अंतर्गत गुरुवार, 25 जून 2026 को भागलपुर के बरारी स्थित डी०आर०सी०सी० सभागार में एक भव्य कौशल एवं रोजगार मेला आयोजित किया गया. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था.
इस ‘भागलपुर रोजगार मेला’ में जिले के विभिन्न पंचायतों और नगर निकायों से कुल 622 अनुसूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हुए, जिन्होंने अपने भविष्य की संभावनाओं को तलाशने के लिए उत्साह दिखाया. मेले का उद्घाटन उप निदेशक, नियोजन, भागलपुर प्रमंडल, जिला योजना पदाधिकारी, भागलपुर, जिला कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर, जिला नियोजन पदाधिकारी, भागलपुर और अग्रणी जिला प्रबंधक, यूको बैंक, भागलपुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.






227 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर, 270 ने कौशल प्रशिक्षण के लिए किया निबंधन
इस महत्वपूर्ण रोजगार मेले में चार प्रमुख निजी कंपनियों ने अपनी स्टॉल लगाए और सीधे युवाओं का साक्षात्कार किया. इनमें एल० आई०सी० ऑफ इंडिया, भागलपुर, भारत फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाईनांस बैंक और SIS इंडिया लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल थीं. इन कंपनियों ने काउंसलिंग के बाद कुल 227 अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों का औपबंधिक रूप से रोजगार के लिए चयन किया, जिससे इन परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई.
रोजगार के साथ-साथ, कौशल विकास को भी प्राथमिकता दी गई. 270 इच्छुक अभ्यर्थियों ने कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निबंधन कराया. इन युवाओं को डी०आर०सी०सी०, जीविका, जिला उद्योग केन्द्र-भागलपुर, सीपेट भागलपुर और यूको आर०सेटी० जैसे संस्थानों द्वारा विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कोर्स में दाखिला मिलेगा. अधिकारियों ने इस अवसर पर अनुसूचित जाति के युवाओं को रोजगार के अवसरों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.
सरकार का उद्देश्य अनु० जाति समुदाय के युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, और यह मेला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
मेले में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस कौशल एवं रोजगार मेले की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. इनमें प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, जीविका के प्रतिनिधि, जिला न्योजनालय के कर्मी, डी०आर०सी०सी० के कर्मी एवं पदाधिकारी, और जिला उद्योग केन्द्र के कर्मी एवं पदाधिकारी शामिल थे. सभी ने मिलकर युवाओं को सही मार्गदर्शन प्रदान किया और उन्हें उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने में सहायता की. यह आयोजन अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए सशक्तिकरण और बेहतर भविष्य की दिशा में एक बड़ी पहल साबित हुआ है.








