Bihar Health Minister: हाल ही में पटना मेडिकल कॉलेज (PMC) के प्रिंसिपल को पद से हटाने के बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की कार्यशैली सुर्खियों में है। उनके इस फैसले के बाद जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने स्वास्थ्य मंत्री की खुलकर सराहना की है। झा ने कहा कि निशांत कुमार सिर्फ बोलने में नहीं, बल्कि काम करने में अधिक विश्वास रखते हैं।
संजय झा ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़े बदलाव लाने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच से पूरी तरह मेल खाती है।






संजय झा ने कहा, ‘नीतीश कुमार हमेशा कहते रहे हैं कि हमारा काम बोले, और निशांत कुमार भी उसी सोच के साथ विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं।’
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि आम जनता को बेहतर इलाज के लिए छोटी-बड़ी बीमारी में बार-बार पटना आने की ज़रूरत न पड़े। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रखंड और जिला स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए तेज़ी से काम किया जा रहा है।
हाईवे हादसों और ट्रॉमा सेंटरों पर गंभीर चर्चा
हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में हाईवे पर होने वाले सड़क हादसों और ट्रॉमा सेंटरों की आवश्यकता पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। यह चर्चा बिहार में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
निशांत कुमार के इन कदमों से बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव की उम्मीदें बढ़ गई हैं। उनके फैसलों और कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक गलियारों और जनता के बीच भी चर्चा तेज़ है।








