Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जाले प्रखंड के ब्रह्मपुर पूर्वी पंचायत में एक जर्जर सड़क ने शनिवार को एक और हादसे को न्योता दे दिया। मुख्य सड़क से ब्रह्मपुर हाट जाने वाली बदहाल सड़क पर सामान से लदा एक जुगाड़-ठेला अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया। इस दुर्घटना में ठेला चला रहा कटैया गांव निवासी पवन राम गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य करते हुए पवन राम को तालाब से बाहर निकाला और इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना ने एक बार फिर इलाके की सड़कों की दयनीय स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






4 साल से बदहाल सड़क, कई हादसे फिर भी बेपरवाह प्रशासन
ग्रामीणों ने बताया कि ब्रह्मपुर हाट को जाने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क पिछले चार-पांच वर्षों से बेहद जर्जर हालत में है। यह सड़क जिला परिषद के मद से बनाई गई थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही दिनों बाद ही इसकी हालत खराब होने लगी। सड़क की बदहाली के कारण यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं।
बार-बार होने वाले हादसों के बावजूद, संबंधित विभाग ने अब तक इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। यह स्थिति स्थानीय लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है।
ग्रामीणों ने की सड़क मरम्मत की मांग
इस ताजा घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने संबंधित विभाग से तुरंत इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सड़क ठीक नहीं की गई, तो भविष्य में ऐसे और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। ब्रह्मपुर हाट की यह सड़क हजारों लोगों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है, और इसकी खराब हालत सीधे तौर पर उनकी सुरक्षा को प्रभावित कर रही है।








