Bihar TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। बिहार एसटीएफ और महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस ने मिलकर पटना में छापेमारी की। इस दौरान परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजेंद्र अपनी छोटी बेटी के जन्मदिन पर पटना स्थित अपने गांधी नगर, अगमकुआं वाले फ्लैट पर जरूर आएगा, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया।
बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सोमवार देर रात उसके फ्लैट पर दबिश दी थी। घर में बेटी के जन्मदिन की पूरी तैयारी की जा चुकी थी। बाहर टेंट लगा था और भोज का भी आयोजन होना था। मंगलवार सुबह जब मिठाई बनाने के लिए कारीगर पहुंचे, तो फ्लैट पर ताला लटका मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि पुलिस रात में ही बिजेंद्र की पत्नी सुमन कुमारी को अपने साथ ले गई थी।






पत्नी पर लगे गंभीर आरोप, पति 25 साल से सक्रिय
पुलिस ने बिजेंद्र का काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। इसके बाद उसकी पत्नी सुमन कुमारी को हिरासत में ले लिया गया। महाराष्ट्र पुलिस उसे भिवंडी ले गई, जहां मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के बाद 6 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुमन कुमारी को अपने पति की कथित प्रश्नपत्र लीक योजना की पूरी जानकारी थी। आरोप है कि वह अवैध कमाई का हिसाब रखती थी और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पैसों का इंतजाम भी करती थी। पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं।
पुलिस का दावा है कि सुमन कुमारी को अपने पति की कथित प्रश्नपत्र लीक योजना की पूरी जानकारी थी और वह अवैध कमाई का हिसाब-किताब भी रखती थी।
छापेमारी के दौरान फ्लैट से मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। इन दस्तावेजों से इस बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
देशभर में फैला था परीक्षा माफिया बिजेंद्र का नेटवर्क
इस मामले में पहले भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 27 जून को महाराष्ट्र पुलिस ने पटना निवासी राजीव शाह, आकाश और हरियाणा निवासी धीरज को ठाणे के भिवंडी स्थित एक होटल से पकड़ा था। उनके पास से TET परीक्षा के चार सेट प्रश्नपत्र बरामद हुए थे। पूछताछ में इन तीनों ने बिजेंद्र गुप्ता को पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड बताया था।
जांच में सामने आया है कि बिजेंद्र गुप्ता पिछले करीब 25 वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक कराने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, उसने इस अवैध धंधे से करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई है और कई जगहों पर फ्लैट भी खरीदे हैं। यह भी आरोप है कि TET प्रश्नपत्र बेचने के लिए उसने खरीदारों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की मांग की थी। उसका नाम वर्ष 2023 के ओडिशा JEE पेपर लीक मामले में भी सामने आया था। उसके खिलाफ बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में केस दर्ज बताए जा रहे हैं, जो उसके व्यापक नेटवर्क को दर्शाता है।
आगे क्या होगा?
सुमन कुमारी की गिरफ्तारी के बाद अब महाराष्ट्र पुलिस बिजेंद्र गुप्ता की तलाश में और तेजी लाएगी। जब्त किए गए दस्तावेजों और मोबाइल फोन से मिले सुरागों के आधार पर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।








