Bihar BSNL Protest: अपनी लंबित मांगों को लेकर दरभंगा में BSNL के कर्मचारी और पेंशनर दूसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे. अललपट्टी स्थित महाप्रबंधक दूरसंचार कार्यालय के सामने ऑल इंडिया बीएसएनएल ईयू और ऑल इंडिया बीएसएनएल एंड डीओटी पेंशनर एसोसिएशन के संयुक्त बैनर तले यह प्रदर्शन चल रहा है. दोपहर 1:30 बजे लंच के समय कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. यह धरना प्रदर्शन केवल दरभंगा तक सीमित नहीं है, बल्कि देशव्यापी स्तर पर आयोजित किया जा रहा है.







कर्मचारियों और पेंशनरों की मुख्य मांगें हैं कि उन्हें 01/01/2017 से देय वेतन और पेंशन का रिवीजन लागू किया जाए. इसके साथ ही, आफ्टरडैवलिटी शर्त को भी हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है. उनका कहना है कि सरकार ने बार-बार आश्वासन दिए, लेकिन अभी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है.
वेतन और पेंशन संशोधन है मुख्य मांग
BSNL के कर्मचारियों और पेंशनरों की तीन प्रमुख मांगें हैं, जिनके लिए वे देशव्यापी आंदोलन कर रहे हैं. इन मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार धरना प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के आश्वासनों से अब उनका भरोसा उठ चुका है.

हमारी पहली मांग है कि वेतन का रिवीजन 01/01/2017 से लागू किया जाए. दूसरी मांग है कि आफ्टरडैवलिटी शर्त को तुरंत हटाया जाए. तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण मांग पेंशन रिवीजन है, जो 01/01/2017 से देय है, उसे भी जल्द से जल्द लागू किया जाए.
सरकार के आश्वासनों से नहीं बनी बात, आगे की रणनीति तैयार
कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. दरभंगा में यह धरना कल, 24 जुलाई को भी जारी रहेगा. इसके बाद, 27 जुलाई से ‘ट्यूटररिंग’ का एक नया कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे अपनी मांगों को और मजबूती से उठाएंगे.
अगर तब भी सरकार उनकी बात नहीं मानती है, तो 7 अगस्त को दिल्ली में संसद मार्च का कार्यक्रम तय किया गया है. इस मार्च में देशभर से BSNL के कर्मचारी और पेंशनर हिस्सा लेंगे, ताकि उनकी आवाज संसद तक पहुंच सके.
दरभंगा में इन नेताओं ने किया नेतृत्व
दरभंगा में चल रहे इस आंदोलन में कई स्थानीय नेताओं और सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया. जिला मंत्री राजेंद्र प्रसाद मेहता, संगठन मंत्री मुक्तिनाथ झा, संयुक्त जिला मंत्री कौशल कुमार, संगठन मंत्री राम पुकार पासवान, उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष राम केश्वर सिंह, संगठन मंत्री शंकर महतो, संगठन मंत्री महमूद आलम, सहायक मंत्री धर्मेंद्र कुमार और संगठन मंत्री विमलेश कुमार सहित अनेक सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.









You must be logged in to post a comment.