Bhagalpur Chehallum: भागलपुर में चेहल्लुम पर्व से पहले जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस लाइन से शुरू हुआ यह फ्लैग मार्च नाथनगर समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की।






अधिकारियों ने कसी कमर, शांति समिति की बैठक
फ्लैग मार्च में सिटी एसपी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) और सिटी डीएसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। सदर एसडीएम ने बताया कि चेहल्लुम पर्व को लेकर पहले ही जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की जा चुकी है। इस बैठक में सभी समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने का आग्रह किया गया था।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा, “चेहल्लुम पर्व को लेकर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक हुई थी। इसमें सभी समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
जिला प्रशासन का यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए है कि बिहार में शांति और सद्भाव बना रहे। पुलिस और प्रशासन की यह सक्रियता चेहल्लुम पर्व के दौरान किसी भी तरह की अशांति को रोकने में सहायक होगी।








