Darbhanga Jyoti Maurya Case: बिहार के दरभंगा में उत्तर प्रदेश के चर्चित ज्योति मौर्य मामले जैसी एक और घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को पढ़ा-लिखाकर सरकारी नौकरी दिलाई, लेकिन नौकरी मिलते ही पत्नी ने पति और अपने छह साल के मासूम बेटे को अकेला छोड़ दिया। अब वह एक चालक के साथ रह रही है और पति को जान से मारने की धमकी दे रही है।
यह चौंकाने वाला मामला दरभंगा जिले से आया है। पीड़ित पति सुनील कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी (डीएम) और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी सरिता कुमारी, जो विश्वविद्यालय थाना में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं, अपने छह वर्षीय पुत्र और उन्हें छोड़कर मब्बी थाना के चालक लालबाबू के साथ रह रही हैं।






पति ने पढ़ाया, नौकरी मिली तो बदल गईं पत्नी
सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने मेहनत-मजदूरी करके अपनी पत्नी सरिता कुमारी को पढ़ाया-लिखाया। उनकी मेहनत का फल यह हुआ कि पिछले वर्ष सरिता को होमगार्ड के पद पर नौकरी मिल गई। पति को उम्मीद थी कि अब उनकी पत्नी बच्चे की अच्छी तरह देखभाल करेगी, लेकिन नौकरी मिलते ही पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।
सुनील शर्मा के अनुसार, उनकी पत्नी ने नौकरी मिलते ही चालक लालबाबू को ‘अपना दिल दे बैठी’। चालक के प्रति उसकी दीवानगी इतनी बढ़ गई कि वह अपने पति को तो भूल ही गई, बल्कि जिस मासूम बेटे को उसने जन्म दिया था, उसे भी गले लगाने से इनकार कर रही है।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
सुनील शर्मा ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि जब उनकी पत्नी दबाव देने पर घर आती थी, तो वह उनके और बेटे के साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थी। अब तो उसने और भी गंभीर धमकी दी है।
सुनील कुमार शर्मा ने बताया, “मेरी पत्नी धमकी देती है कि अगर मैं दरभंगा या उसके थाना के आस-पास आने की कोशिश किया तो वह मुझे जान से मरवा कर लालबाबू ड्राइवर से शादी कर अपना जीवन बिताएगी।”
इस पूरे मामले ने एक बार फिर समाज में रिश्तों की नाजुकता और बदलती परिस्थितियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुनील कुमार शर्मा ने अब प्रशासन से अपनी पत्नी को चालक के चंगुल से मुक्त कराकर उसे वापस सौंपने और अपने बेटे को मां का प्यार दिलाने की अपील की है। पुलिस और प्रशासन इस मामले की जांच कर रहे हैं। इन दिनों आए दिन इस तरह की घटना देखी जा रही है। अधिकांश पत्नी बेरोजगार पति को छोड़कर दूसरे युवक के चक्कर में पड़ जा रही है। पति संबंधित विभाग के बड़े अधिकारियों के पास गुहार लगाते रहते हैं।








