Bihar Ration Card: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के हजारों परिवारों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। प्रशासन ने अलीनगर और बेनीपुर प्रखंड के कुल 1697 नए लाभुकों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इस पहल से वंचित परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।
राशन कार्ड निर्माण अभियान को गति देने के लिए अधिकारियों ने ‘कैंप मोड’ में काम करने का निर्देश दिया है। इसके तहत पात्र परिवारों के आवेदन की ऑनलाइन एंट्री कराई जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) मनीष कुमार झा ने इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।





ऑपरेटरों को मिला विशेष प्रशिक्षण, त्रुटि की गुंजाइश नहीं
राशन कार्ड के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ मनीष कुमार झा की अध्यक्षता में यह प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ। इस दौरान सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार झा और आपूर्ति पदाधिकारी मोनिका भी मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने ऑपरेटरों को ऑनलाइन आवेदन की एंट्री, दस्तावेजों की जांच और पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। एसडीओ झा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को प्राथमिकता मिले और किसी भी आवेदन में कोई गलती न हो। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर भी जोर दिया।
ऑफलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 11 अगस्त, ऐसे करें अप्लाई
अलीनगर और बेनीपुर प्रखंड के वंचित लाभुक नए राशन कार्ड के लिए ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। पुराने राशन कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इन आवेदनों को संबंधित प्रखंड के आपूर्ति कार्यालयों में 11 अगस्त तक जमा किया जा सकता है।
जमा किए गए सभी आवेदनों को संबंधित कर्मी केंद्र से जारी नए एकीकृत पोर्टल पर संधारित करेंगे। इस व्यवस्था से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड के लाभ से वंचित न रहे और सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से पूरी हों।








