Bihar Crime News: राजधानी पटना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सीआईएसएफ के एक जवान को लड़की से मिलने के बहाने बुलाकर दो दिनों तक बंधक बना लिया गया। इस दौरान उसके बैंक खातों से लगभग तीन लाख रुपये की बड़ी रकम निकाल ली गई। पीरबहोर पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पटना विश्वविद्यालय के दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 हजार रुपये नकद, जवान के दो एटीएम कार्ड और उसका मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा, जवान के बैंक खाते में बची 1.88 लाख रुपये की राशि को भी होल्ड करा दिया गया है।
लड़की ने बुलाया, छात्रों ने बनाया बंधक
मूल रूप से दरभंगा के हायाघाट थाना क्षेत्र निवासी नाबिज कुमार सीआईएसएफ में जवान हैं और वर्तमान में पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय, पटना में तैनात हैं। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, नाबिज कुमार की पिछले कुछ दिनों से मोबाइल पर एक लड़की से बातचीत चल रही थी। 15 अगस्त को लड़की ने उन्हें मिलने के लिए पीरबहोर इलाके में बुलाया। जवान जब वहाँ पहुँचे, तो दो युवकों ने उन्हें जबरन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्हें मिंटो छात्रावास के एक खाली कमरे में ले जाया गया।
दो दिनों तक मारपीट और बैंक खाते से निकासी
आरोप है कि मिंटो छात्रावास के उस कमरे में जवान के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसका मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड भी छीन लिए गए। आरोपियों ने जवान को डरा-धमकाकर उसके बैंक खातों से दो दिनों के भीतर करीब तीन लाख रुपये निकाल लिए। जवान को कमरे में बंद रखा गया था और दोनों आरोपी लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे।
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया, “सूचना मिलते ही पीरबहोर थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस से बचने के लिए दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, लेकिन रविवार रात उन्हें इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।”
पानी पीने के बहाने भागे आरोपी, जवान को मिला मौका
17 अगस्त को दोनों आरोपी कमरे का दरवाजा खुला छोड़कर पानी पीने के लिए बाहर गए। इसी दौरान जवान नाबिज कुमार को मौका मिल गया। वह तुरंत छात्रावास से निकलकर सीधे पीरबहोर थाने पहुँचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की और रविवार रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पटना विश्वविद्यालय के छात्र निकले आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक लखीसराय के सिलवे निवासी विकास कुमार उर्फ शुभंकर है, जो पटना कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में सत्र 2022-25 का छात्र है। दूसरा आरोपी छपरा के विशुनपुरा निवासी हर्ष कुमार उर्फ धीरज कुमार है, जो दरभंगा हाउस के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग में सत्र 2025-27 का छात्र है। दोनों हथुआ हॉस्टल में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि विकास कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब दोनों की अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता और इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जाँच कर रही है।








