Bihar Embankment Breach: बिहार के नवगछिया में सोमवार की अहले सुबह एक बड़ी घटना से हड़कंप मच गया। खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में स्थित राघोपुर-नरकटिया तटबंध का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूट गया। यह गांव राज्य के ऊर्जा मंत्री और गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का पैतृक गांव है।
जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय के पास रात करीब तीन बजे हुए इस कटाव से तटबंध 70 से 80 मीटर तक प्रभावित हुआ है। तटबंध टूटने के बाद गंगा नदी का पानी तेजी से आसपास के निचले इलाकों में फैलने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।
प्रशासन अलर्ट, कटाव निरोधी कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग के अभियंता और कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए कटाव निरोधी और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव और राहत कार्यों में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, नवगछिया एसपी वैभव शर्मा और नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर मौजूद है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
भागलपुर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया, ‘जल संसाधन विभाग की टीम रात से ही तेजी से कटाव निरोधी कार्य में जुटी हुई है। तेज धारा के कारण कटाव हुआ है, जिस पर तत्काल काम शुरू करा दिया गया है। प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद है और जरूरत पड़ने पर राहत कार्य भी कराया जाएगा।’
बाढ़ का खतरा और ग्रामीणों की चिंता
तटबंध टूटने के बाद सबसे बड़ी चिंता पानी के तेजी से फैलाव को लेकर है। गंगा का पानी निचले इलाकों में पहुंचने की आशंका से ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ गई है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में लगी हुई है ताकि पानी के फैलाव को रोका जा सके और स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सके। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तटबंध को कितनी जल्दी पूरी तरह सुरक्षित किया जा सकेगा और बाढ़ के खतरे को टाला जा सकेगा।







