Saran Crime: बिहार के सारण जिले में मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पानापुर थाना क्षेत्र के कोंध गांव में छापेमारी कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों पर मुंबई में करीब दो करोड़ रुपये के गबन और धोखाधड़ी का आरोप है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुंबई क्राइम ब्रांच ने यह गिरफ्तारी की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कोंध गांव निवासी संजय सिंह के पुत्र अमन कुमार सिंह और अमित कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम दोनों को अपने साथ लेकर मुंबई रवाना हो गई।
फर्जी हस्ताक्षर से हड़पे 2 करोड़ रुपये
पानापुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने मुंबई क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि अमन और अमित कुमार मुंबई में काम करते थे। इन पर आरोप है कि उन्होंने अपने मालिक को धोखे में रखकर चेकबुक पर फर्जी हस्ताक्षर किए और लगभग दो करोड़ रुपये का गबन कर लिया। इस गंभीर मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है।
नेरुल थाने में दर्ज हुई थी FIR
पुलिस के अनुसार, इस धोखाधड़ी और गबन के मामले में पीड़ित ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई जिले के नेरुल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम इन आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों भाई अपने पैतृक गांव कोंध में छिपे हुए हैं। इसी जानकारी के आधार पर मंगलवार की सुबह स्थानीय पानापुर पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की गई और दोनों को दबोच लिया गया।
मुंबई ले जाकर होगी आगे की कार्रवाई
दोनों सगे भाइयों की गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम उन्हें लेकर मुंबई चली गई है। अब वहां पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी और आरोपों की गहराई से जांच की जाएगी। इस कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि अपराधी कहीं भी छिप जाएं, कानून से बच नहीं सकते।








