Bihar Politics: बिहार की Bihar राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) में प्रिया सिंह वत्स को राष्ट्रीय प्रवक्ता की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार को हुई इस घोषणा के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। प्रिया सिंह वत्स की नियुक्ति को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो JJD को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।
जनशक्ति जनता दल को मिलेगी नई ऊर्जा
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने प्रिया सिंह वत्स की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा करते हुए उनके अनुभव की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रिया सिंह वत्स को सांगठनिक अनुभव, उनकी वाकपटुता और पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए यह पद दिया गया है। तेज प्रताप यादव ने विश्वास जताया कि इस नियुक्ति से JJD को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी अपनी विचारधारा को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा पाएगी।
प्रिया सिंह वत्स पिछले महीने ही तेज प्रताप यादव की मौजूदगी में जनशक्ति जनता दल से जुड़ी थीं। उस समय उन्होंने कहा था,
राजनीति उनके लिए सिर्फ पद नहीं बल्कि जनता की आवाज बनकर उनके हितों के लिए संघर्ष करने का माध्यम है।
VIP से राजपूत करणी सेना तक का सफर
JJD में शामिल होने से पहले, प्रिया सिंह वत्स मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) में प्रदेश प्रवक्ता के पद पर रह चुकी हैं। उन्होंने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान VIP के लिए जमकर प्रचार किया था और पार्टी की विचारधारा को मुखर रूप से मीडिया व जनता के सामने रखा था। चुनाव सभाओं में वह मुकेश सहनी के साथ मंच साझा करती भी नजर आई थीं। हालांकि, उन्होंने VIP छोड़ने का कारण सार्वजनिक नहीं किया है।
प्रिया सिंह वत्स का संबंध श्री राजपूत करणी सेना से भी है। वह खुद को इस संगठन की महिला प्रदेश अध्यक्ष बताती हैं और राजपूत समाज के कई कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शिरकत करती हैं। पटना की निवासी प्रिया सिंह वत्स सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी अपनी पहचान रखती हैं और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं।
सामाजिक सरोकारों से गहरा जुड़ाव
प्रिया सिंह वत्स का सामाजिक सरोकारों से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में मुखरता से आवाज उठाई थी। जब भरत तिवारी के परिजन दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे थे, तब प्रिया सिंह वत्स ने वहां पहुंचकर उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की थी।
इसके अलावा, पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में भी प्रिया सिंह वत्स पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कहती रही हैं। कांग्रेस, जदयू और आरजेडी जैसे दलों के कुछ नेताओं के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर देखी जा सकती हैं, जो उनके व्यापक राजनीतिक और सामाजिक संपर्कों को दर्शाती हैं। प्रिया सिंह वत्स की यह नई भूमिका जनशक्ति जनता दल के लिए कितनी प्रभावी साबित होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।








You must be logged in to post a comment.