Bihar Flood: बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। पिछले 12 घंटों के दौरान गंगा के जलस्तर में 8 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे शहरी इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। इस भयावह स्थिति के बीच सुल्तानगंज में एक 13 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
शहरी इलाकों में भयावह स्थिति: जनजीवन अस्त-व्यस्त
गंगा नदी से सटे भागलपुर के कई शहरी मोहल्ले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। मानिक सरकार घाट रोड, सखीचंद घाट रोड, आदमपुर बैंक कॉलोनी, कोयला घाट रोड, किलाघाट और नया बाजार की सड़कों पर पानी भर गया है। यूनिवर्सिटी रोड में नरगा के पास तो बाढ़ का पानी सड़क के आर-पार बह रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
आदमपुर बैंक कॉलोनी जैसे संकरे इलाकों में नावों का परिचालन न होने के कारण लोग ‘जुगाड़ टेक्नोलॉजी’ का सहारा ले रहे हैं। यहां लोग वाटर टब को नाव बनाकर बाजार और हाट जा रहे हैं। पीने के पानी की समस्या सबसे अधिक विकट है; लोग एक बार में चार-पांच डिब्बे बंद पानी के गैलन लाकर घरों में जमा कर रहे हैं। दूध और सब्जी जैसे रोजमर्रा के सामान भी अब इन मोहल्लों में नहीं मिल पा रहे हैं।
मोहल्ले के रहने वालों ने बताया, ‘अच्छी बात यह है कि बिजली इन मोहल्ले में अब तक दी जा रही है। इससे थोड़ी राहत है। पानी के चलते कई घरों से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। एक-दो दिन बाद जब पानी उतरने लगेगा तब सड़ांध से मुश्किलें बढ़ जाएगी।’
NH-80 बंद, फोरलेन पर भी खतरा
बाढ़ का पानी अब राष्ट्रीय राजमार्गों तक पहुंच गया है। भवनाथपुर में नेशनल हाईवे 80 पर पानी तीन फीट तक चढ़ गया है, जिसके चलते इस महत्वपूर्ण सड़क पर आवागमन रोक दिया गया है। यह सड़क बिहार को झारखंड और पश्चिम बंगाल से जोड़ती है।
इसके अलावा, मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन हाईवे पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। नाथनगर के पास फोरलेन हाईवे पर लगभग आधा फीट पानी होने के बावजूद ट्रकों का परिचालन जारी है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
24 घंटे में जलस्तर घटने का अनुमान, लेकिन मुश्किलें बरकरार
प्रशासन ने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत शिविरों का इंतजाम किया है। शहरी क्षेत्र में मवेशियों के साथ आए बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन से लेकर चिकित्सा तक की व्यवस्था की गई है।
एडीएम (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार ने बताया, ’24 घंटे बाद पानी उतरने का पूर्वानुमान है। पानी उतरने के बाद निगम द्वारा सफाई, चूना, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा।’
हालांकि, पानी उतरने के बाद भी चुनौतियां कम नहीं होंगी। गलियों में जमा कीचड़ और सड़ांध से बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा, जिसके लिए निगम द्वारा बड़े पैमाने पर सफाई अभियान की तैयारी की जा रही है।
सुल्तानगंज में बच्चे की दर्दनाक मौत
जिले के सुल्तानगंज में बाढ़ के पानी ने एक परिवार से खुशियां छीन लीं। मंगलवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 13 साल के रौनक कुमार की मौत हो गई। रौनक बाथ थाना क्षेत्र की खानपुर पंचायत अंतर्गत दौलतपुर गांव के वार्ड 5 के वार्ड सदस्य बिपिन कुमार सिंह का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि कामधेनु मंदिर के पास वह बाढ़ के पानी में नहाने गया था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।








You must be logged in to post a comment.