Muzaffarpur Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर फेज-1 स्थित खाद और सीमेंट गोदाम के पीछे झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को पूरी तरह से सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नीम चौक निवासी के रूप में हुई है। वह शहर के एक जाने-माने कारोबारी के यहां सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और वे पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
हत्या की आशंका, पटना से पहुंची FSL टीम
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को शुरुआती तौर पर हत्या की आशंका है। माना जा रहा है कि गार्ड की हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेष टीम को बुलाया है। बेला थानाध्यक्ष प्रीतेश गिरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। FSL टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक नमूने जुटाने का काम शुरू कर दिया है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस इस मामले में कोई भी सुराग नहीं छोड़ना चाहती है। बेला पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी गहनता से खंगाल रही है। पुलिस का मुख्य प्रयास यह पता लगाना है कि घटना के समय या शव को यहां लाने के दौरान आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे।
थानाध्यक्ष प्रीतेश गिरी ने बताया, ‘घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और वैज्ञानिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।’
पुलिस का मानना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य और CCTV फुटेज से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा हटाने में अहम भूमिका निभाएगी।







