Darbhanga Pickpocketing: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में एक बार फिर आपराधिक तत्वों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के टावर चौक के पास एक बुजुर्ग के साथ पॉकेटमारी की घटना सामने आई है, जिसमें उनके 43,000 रुपये गायब हो गए। इस घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
जानकारी के अनुसार, फेकला थाना क्षेत्र के कुशोथर निवासी लखन प्रसाद झा, जो स्वर्गीय नागेश्वर झा के पुत्र हैं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा से 43,000 रुपये निकालकर अपनी पैंट की पॉकेट में रखकर दवा लेने के लिए टावर चौक पहुंचे थे। दवा खरीदने के बाद जब उन्होंने दुकानदार को भुगतान करने के लिए पैसे निकालने चाहे तो हक्के-बक्के रह गए। उनकी पॉकेट में रुपये नहीं थे।
लखन प्रसाद झा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया, ‘स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से रुपया निकाल कर टावर चौक के पास दवा लेने गया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने मेरे पॉकेट से रुपये निकाल लिए।’
इस मामले को लेकर लहेरियासराय थाना में पॉकेटमारी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि, फुटेज की जांच के बावजूद अब तक पॉकेटमार की पहचान नहीं हो पाई है।
दरभंगा में बढ़ते अपराध पर पुलिस की चुनौती
लहेरियासराय के टावर चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस Darbhanga Pickpocketing की घटना ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना दिया है। पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई है कि वे जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाएं। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपी की पहचान न हो पाना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि वे लगातार सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। लेकिन, जब तक अपराधी पकड़े नहीं जाते, तब तक आम जनता में असुरक्षा की भावना बनी रहेगी।







