Araria Fake Currency: बिहार में अररिया पुलिस को जाली नोट के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। जोकीहाट प्रखंड की चौकता पंचायत के वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल को महलगांव थाना पुलिस ने 2.17 लाख रुपये के 434 जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर संचालित जाली नोट के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है, जिसके तार पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
वार्ड सदस्य के कामत पर छापेमारी, लाखों के नकली नोट बरामद
अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने मंगलवार शाम एक प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महलगांव थाना क्षेत्र के इसरवा गांव में जाली नोट के कारोबार की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना में यह भी बताया गया कि चौकता पंचायत का वार्ड सदस्य मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल ही इस कारोबार का स्थानीय संचालक है। इस सूचना के आधार पर महलगांव थाना पुलिस ने बरढेंगा गांव स्थित पनाउल्लाह के ‘कामत’ (कार्यस्थल या ठिकाना) पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कामत से 500 रुपये के कुल 434 जाली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने सभी नकली नोटों को जब्त कर लिया है।
एसपी जितेंद्र कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल ने पुलिस को बताया कि यह जाली नोट पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से लाए गए थे। आरोपी ने जाली नोट के नेटवर्क में काम करने की बात भी स्वीकार की है।
कानूनी कार्रवाई और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
इस मामले में महलगांव थाना में कांड संख्या 194/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 179, 180 और 3(5) बीएनएस के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ने यह भी बताया कि मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल का आपराधिक इतिहास रहा है। वह इससे पहले भी चोरी के सामान की बरामदगी से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ महलगांव थाना में पहले से भी एक मामला दर्ज है।
जांच का दायरा बढ़ा, पुलिस टीम को सम्मान
पुलिस अब जाली नोट के इस नेटवर्क के ‘बैकवर्ड’ और ‘फॉरवर्ड’ लिंकेज की गहन जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके और पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जा सके। एसपी जितेंद्र कुमार ने इस सफल छापेमारी में शामिल पुलिस टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और अवार्ड देकर सम्मानित करने की घोषणा की है। छापेमारी दल में महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार, एसआई रोमा कुमारी, एएसआई प्रेम कुमार, सिपाही रंजीत कुमार और होमगार्ड जवान सदानंद यादव शामिल थे। यह कार्रवाई बिहार में जाली नोट के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।






