Bihar Flight News: पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट पर बुधवार शाम खराब मौसम के दौरान आसमानी बिजली गिर गई। यह घटना विमान के करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर होने के बावजूद पायलट ने असाधारण सूझबूझ दिखाते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। इस घटना से विमान में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इंडिगो की उड़ान संख्या 6E925 ने दोपहर 3:10 बजे पटना से उड़ान भरी थी। खराब मौसम के कारण यह विमान शाम 4:05 बजे लखनऊ पहुंचा। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि विमान 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तभी वह आसमानी बिजली की चपेट में आ गया। हालांकि, विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे, जो पायलट के कुशल संचालन का परिणाम है।
इस घटना के बाद विमान में तकनीकी दिक्कत आ गई। इसी विमान को शाम 5:05 बजे लखनऊ से अहमदाबाद के लिए उड़ान संख्या 6E6968 के रूप में रवाना होना था, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते उसे एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। इंडिगो एयरलाइन ने तुरंत यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की। यात्रियों को शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया जा सका। फिलहाल, इंजीनियरों की एक टीम खराब हुए विमान की गहन जांच कर रही है ताकि खराबी का पता लगाया जा सके।






