Bihar Food Safety: पटना में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि के सीधे निर्देश पर विभाग की टीम ने पटना के ब्लिंकिट और 9 to 9 जैसे बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान 2 करोड़ 13 लाख 99 हजार 535 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्रियों की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई, जबकि 30 हजार रुपये से अधिक के एक्सपायरी और क्षतिग्रस्त उत्पादों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
ब्लिंकिट वेयर हाउस पर 2 करोड़ से अधिक की सामग्री जब्त
खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने ब्लिंकिट वेयर हाउस, नसीरपुर, ताजपुर, बायपास रोड, पटना का निरीक्षण किया। यहां ‘होल फॉर्म’ ब्रांड नाम की 276 प्रकार की खाद्य सामग्रियों के 25 टन के वितरण पर रोक लगाई गई। इसके अतिरिक्त, ‘बेसिक’ ब्रांड के 3102 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की दाल और 190 किलोग्राम नट की बिक्री भी रोकी गई। इन सभी खाद्य सामग्रियों का कुल मूल्य लगभग 2 करोड़ 13 लाख 99 हजार 535 रुपये आंका गया है।
एस.के. नगर, पटना स्थित 9 to 9 प्रतिष्ठान में भी निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। खाद्य सुरक्षा टीम ने यहां क्षतिग्रस्त और एक्सपायरी खाद्य पदार्थ एक स्थान पर भंडारित पाए, जिन्हें संचालक की उपस्थिति में नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए उत्पादों में 12 किलोग्राम सत्तू, 24 किलोग्राम सूजी, 12 किलोग्राम बेसन, 49 किलोग्राम आटा, 49 किलोग्राम मैदा और 6 किलोग्राम मसाला शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत 14,740 रुपये थी।
एक्सपायरी अमूल दूध, गंदगी और गलत लाइसेंस… बड़ी लापरवाही उजागर
ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, इंद्रपुरी, पटना के स्टोर में 49.5 लीटर एक्सपायरी अमूल दूध पाया गया। इसके अलावा, चावल, घी, सूजी, मिक्स अचार, ग्लूकोंडी और चीनी के कुल छह नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण में भंडारण में FIFO (First In, First Out) नियम का पालन नहीं मिला। परिसर में अस्वच्छ वातावरण, सैनिटाइजेशन की कमी और डीप फ्रीजर की असंतोषजनक स्थिति पाए जाने पर प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।
ब्लिंकिट स्टोर 166, आनंदपुरी, पटना में भी भंडारण रैक पर धूल और गंदगी मिली। फ्रोजन रूम में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। इन कमियों के मद्देनजर 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी हुआ। यहां 162 किलोग्राम नारियल पाउडर, 15 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डू और 13 किलोग्राम आटा सहित कुल 190 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 16,000 रुपये है।
कंकड़बाग, पटना में मेसर्स आदित्य 9 to 9 सुपर मार्केट के निरीक्षण में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था का अभाव, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र न होना और खाद्य एवं अखाद्य वस्तुओं को एक साथ रखना पाया गया। सादिकपुर, लोहिया पथ, पटना स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड में भी खाद्य और अखाद्य वस्तुएं एक ही जगह रखी मिलीं। यहां चालान में अंकित खाद्य लाइसेंस नंबर भी किसी दूसरे स्टोर का पाया गया। इन दोनों प्रतिष्ठानों को भी 14 दिनों का सुधार नोटिस दिया गया है।
उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर सख्त चेतावनी
हाल ही में रामनगरी मोड़, आशियाना रोड, पटना स्थित मेसर्स आदित्य 9 to 9 सुपर मार्केट एवं YO China का भी निरीक्षण किया गया। यहां एक्सपायरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थ पाए गए, जिन्हें संचालक की सहमति से नष्ट कराया गया। इनमें 500 ग्राम एक्सपायरी चिकन सीजनिंग पाउडर, 2.5 किलोग्राम मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG), 3.4 किलोग्राम स्वीट कॉर्न, 5 किलोग्राम कीड़ा लगा मैदा और 12 किलोग्राम नूडल्स शामिल थे। YO China की रसोई में नाली का ढक्कन खुला मिला और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं हो रहा था।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि मेसर्स आदित्य 9 to 9 सुपर मार्केट और YO China का संचालन एक ही खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के तहत किया जा रहा था, जबकि सुपर मार्केट ग्राउंड फ्लोर पर और रेस्टोरेंट दूसरी मंजिल पर है। प्रतिष्ठान को लाइसेंस में संशोधन कराने और दोनों संस्थानों के लिए अलग-अलग अनुज्ञप्ति प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत सभी प्रतिष्ठानों को 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है। निर्धारित अवधि में कमियों का निराकरण न होने पर अनुज्ञप्ति निलंबित करने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है और निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।








You must be logged in to post a comment.