Darbhanga News: प्रभास रंजन दरभंगा। दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान दरभंगा में बड़ा खुलासा हुआ। सदर थाना क्षेत्र के धरमपुर मोहल्ले में पुलिस ने दो युवकों को हथियार और पांच जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा। विसर्जन यात्रा के दौरान पुलिस की मुस्तैदी से एक संभावित आपराधिक घटना टल गई।
विसर्जन यात्रा में संदिग्ध दिखे युवक
यह घटना बुधवार को धरमपुर प्रांगण से निकल रही माता दुर्गा की विसर्जन यात्रा के दौरान हुई। श्रद्धालु धूमधाम से माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे, तभी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही एक युवक ने अपनी कमर से हथियार निकालकर फेंकने की कोशिश की। हालांकि, दूसरे युवक ने उस पिस्टल को उठाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक हथियार के साथ पांच जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
पकड़े गए युवकों की पहचान
पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान कर ली है। इनमें एक लक्ष्मी सागर मोहल्ला निवासी निशांत कुमार यादव है, जबकि दूसरा लक्ष्मी सागर जेपी चौक वार्ड नंबर 16 का निवासी सुमन कुमार है। पुलिस अब इन दोनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पता चल सके कि वे हथियार लेकर विसर्जन यात्रा में क्यों शामिल हुए थे।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ के बाद गुरुवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि क्या वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या फिर यह आपसी रंजिश का मामला था।
इस गिरफ्तारी से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने सार्वजनिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। मामले की आगे की जांच जारी है, और जल्द ही अन्य खुलासे होने की उम्मीद है।







