Muzaffarpur Live-in Death: मुजफ्फरपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। महिला का शव उसके कमरे से ताला तोड़कर बरामद किया गया, जबकि उसका लिव-इन पार्टनर कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया है। इस घटना ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, क्योंकि महिला के गंभीर बीमारी से ग्रसित होने के साथ-साथ कई सवाल भी खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि रामबाग चौरी स्थित राजकुमारी देवी के मकान में अनिल राम नामक व्यक्ति पिछले दो साल से रह रहा था। अनिल ने पांच महीने पहले ऊषा देवी (45, वैशाली जिले की निवासी) को अपनी लिव-इन पार्टनर के तौर पर अपने साथ रखा था। ऊषा देवी शहर के एक मॉल में काम करती थी और पुरानी गुदरी निवासी अनिल राम के साथ रिश्ते में थी। कुछ समय पहले दोनों के बीच शादी की चर्चा भी सामने आई थी।
प्रेमी फरार, किराएदार भी गायब: गहराया मौत का रहस्य
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि अनिल राम ने ऊषा देवी के शव पर कंबल ओढ़ा दिया था और फिर कमरे की ग्रिल को बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। इस घटना के बाद से मृतका के आसपास के घरों में रहने वाले दूसरे किराएदार भी अपने कमरों में ताला लगाकर गायब हो गए हैं। इससे मामले की संदिग्धता और भी बढ़ गई है। इलाके में यह भी चर्चा है कि ऊषा देवी पहले से शादीशुदा थी और अपने पति को छोड़कर अनिल के साथ रह रही थी।
एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार ने बताया, ‘ताला बंद कमरे से महिला का शव बरामद किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कमरे से कैंसर के इलाज का पुर्जा मिला है, जिसके अनुसार गुरुवार को ही महिला को डॉक्टर से दिखाया गया था। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि महिला की मौत बीमारी से हुई है या कोई और कारण है।’
पुलिस की जांच में सामने आए अहम सुराग
मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने कमरे से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतका के भाई और बहन को घटना की सूचना दे दी है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया। एएसपी सुरेश कुमार ने यह भी बताया कि महिला के पुरुष साथी अनिल राम की तलाश की जा रही है। उनसे पूछताछ के बाद ही इस मामले में अधिक जानकारी मिल सकेगी। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी जानकारियां जुटा रही है ताकि मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।







