BJP Loktantra March: लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों को भाजपा ने करारा जवाब दिया है। इसी कड़ी में गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाला। इस पदयात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और INDI गठबंधन पर जमकर निशाना साधा, उन पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को सीधे तौर पर चेताते हुए कहा कि लोकतंत्र में बदले की नहीं, बल्कि जनता के बदलाव की ताकत होती है। उनका यह बयान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के उस बयान के संदर्भ में आया, जिसमें अगली पीढ़ी द्वारा ‘हर लाठी और हर जख्म का बदला’ लेने की बात कही गई थी। योगी ने स्पष्ट किया कि 2014 में देश में और 2017 में उत्तर प्रदेश में जनता ने बदलाव किया था, जो किसी राजनीतिक दल की ताकत से नहीं, बल्कि जनता के समर्थन से संभव हुआ।
विपक्ष पर बरसे नितिन नवीन, राहुल गांधी को घेरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार झूठ फैलाकर देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। नवीन ने जोर देकर कहा कि भारत अब एक नई सोच वाला देश है, जहां के 140 करोड़ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना प्रधान सेवक मानते हैं।
नितिन नवीन ने कहा, ‘विपक्षी दल चुनाव में हार के लिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को जिम्मेदार ठहराते हैं। यदि विपक्षी दलों ने जमीन पर जाकर जनता के बीच काम किया होता, तो उन्हें आज इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।’
उन्होंने विपक्ष की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव जीतने का आधार जनता का विश्वास हासिल करना होता है, न कि हार के बाद EVM या मतदाता सूची पर सवाल उठाना। नवीन ने यह भी कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से देशभर में लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता भी सड़कों पर उतरती दिखाई दे रही है।
EVM और मतदाता सूची पर विपक्ष को योगी का जवाब
योगी आदित्यनाथ ने चुनावी नतीजों के बाद EVM पर सवाल उठाने की विपक्ष की प्रवृत्ति पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है, तो उसे अपनी मेहनत और उपलब्धि बताता है, लेकिन जब जनता उसे नकार देती है, तो EVM पर आरोप लगाए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध को भी आड़े हाथों लिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘जब चुनाव आयोग मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों, पाकिस्तानियों और मृत व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए विशेष अभियान चलाता है, तो विपक्ष की ओर से इसका विरोध किया जाता है। ऐसे मुद्दों पर विपक्ष देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश करता है।’
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पहले भी होती रही है, यहां तक कि कांग्रेस के शासनकाल में भी। भाजपा नेताओं ने इस पदयात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए कहा कि यह केवल किसी राजनीतिक दल की यात्रा नहीं, बल्कि विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उनका मानना है कि भारत का लोकतंत्र जितना मजबूत होगा, देश उतना ही आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा।








You must be logged in to post a comment.