Bihar Police Attack: सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए Bihar पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ है। फरार आरोपी डिम्पल विश्वास उर्फ धीरेंद्र विश्वास को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को असामाजिक तत्वों और उसके परिजनों के हिंसक विरोध का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों और मुक्कों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, उनकी वर्दी फाड़ दी और सरकारी अभिरक्षा से आरोपी को जबरन छुड़ाकर फरार करा दिया।

दक्षिण टोला स्थित वार्ड संख्या 16 में हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गश्ती पर निकली पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड संख्या 144/26 का फरार नामजद आरोपित डिम्पल विश्वास उर्फ धीरेंद्र विश्वास पुराने अस्पताल के समीप एक दुकान पर छिपा हुआ है।

आरोपी को दबोचने पहुंचे तो भीड़ ने घेर लिया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डिम्पल विश्वास को दबोचने का प्रयास किया। पुलिस की इस कार्रवाई को देख आरोपी ने शोर मचाकर अपने परिजनों और आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। देखते ही देखते 8-10 अज्ञात महिला-पुरुषों सहित बीरबल कुमार, प्रमोद विश्वास उर्फ मल्लू, हनी विश्वास, गौतम विश्वास, इंदल विश्वास, दिनेश विश्वास, सुरेन विश्वास, सोनू विश्वास, अनिता देवी, मनीषा कुमारी और गंगो देवी मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को घेरकर हमला बोल दिया।
वर्दी फाड़ी, पिस्टल छीनने की कोशिश; जान से मारने की धमकी
हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ लाठी-डंडों, थप्पड़ और मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान एक पुलिस पदाधिकारी के बाएं हाथ का अंगूठा मरोड़कर जख्मी कर दिया गया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी, उनकी नेम प्लेट और कलम तोड़ दी। उन्होंने सरकारी पिस्टल छीनने की भी गंभीर कोशिश की।
घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे एक पुलिसकर्मी का मोबाइल भी अनिता देवी नामक महिला ने छीन लिया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दोबारा इलाके में आने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह अपनी जान बचाकर पुलिसकर्मी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवर्षाराज पहुंचे, जहां उन्होंने अपना प्राथमिक उपचार कराया।
एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य अभियुक्त की तलाश जारी
सोनवर्षाराज के प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया, ‘पुलिस पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, वर्दी फाड़ने और आरोपित को भगाने के आरोप में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हमले में शामिल एक नामजद आरोपित प्रमोद कुमार उर्फ मल्लू को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।’
प्रभारी थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि पुलिस अन्य फरार नामजद आरोपियों और मुख्य अभियुक्त डिम्पल विश्वास की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां पुलिस टीम पर ही हमला कर आरोपी को भगा लिया गया।







