Lalu Yadav Siwan: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो सीवान पहुंचे लालू प्रसाद यादव की एक मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। लालू प्रसाद ने यहां दिवंगत बाहुबली नेता शहाबुद्दीन के परिवार से भेंट की। इस दौरान लालू प्रसाद ओसामा शहाब के बेटे के साथ खेलते नजर आए, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद कई अटकलें लगाई जा रही हैं। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब लालू परिवार और शहाबुद्दीन परिवार के बीच बीते कुछ समय से तल्खी बढ़ गई थी।

शहाबुद्दीन के पोते संग लालू यादव की हंसी-ठिठोली
सीवान पहुंचने पर लालू प्रसाद यादव का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ओसामा शहाब अपने बेटे के साथ मौजूद थे। लालू प्रसाद ने ओसामा के बेटे को गोद में लेकर उससे खूब बातें की और उसके साथ खेलते हुए नजर आए। इस दौरान पूरा माहौल खुशनुमा दिखा। लालू प्रसाद ने हीना शहाब से भी मुलाकात की। इस भेंट के दौरान पार्टी कार्यकर्ता और लालू प्रसाद के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिससे सियासी गर्मी और बढ़ गई है। ओसामा शहाब से लालू प्रसाद की यह मुलाकात कई मायनों में अहम मानी जा रही है।
लंबे समय बाद कम हुई दूरियां
लालू प्रसाद और शहाबुद्दीन के परिवार के रिश्तों में पिछले कुछ वर्षों से खटास आ गई थी। कोरोना काल में जब शहाबुद्दीन का निधन हुआ था, तब लालू परिवार से कोई भी सदस्य सीवान नहीं पहुंचा था। इस बात को लेकर शहाबुद्दीन के समर्थकों में लालू प्रसाद के प्रति काफी नाराजगी थी। इसके बाद, लोकसभा चुनाव 2024 में शहाबुद्दीन के परिवार को टिकट न देकर अवध बिहारी चौधरी को मौका दिए जाने से यह दूरियां और बढ़ गई थीं। ऐसे में, लालू प्रसाद की यह मुलाकात दोनों परिवारों के बीच की खाई को पाटने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कोर्ट में पेशी के बाद हुई मुलाकात
जानकारी के अनुसार, लालू प्रसाद सीवान जिले के एसीजेएम प्रथम न्यायालय में पेश होने के लिए पहुंचे थे। यहां आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े एक मामले में आरोप गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। न्यायालय में करीब पांच मिनट तक कार्रवाई चली, जिसमें उनके वकील कामेश्वर तिवारी ने लालू प्रसाद का पक्ष रखा। कोर्ट से निकलने के बाद लालू प्रसाद ने शहाबुद्दीन के परिवार से मुलाकात की। इसके अलावा, उन्होंने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और राजद के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी से भी उनके आवास पर जाकर भेंट की। यह मुलाकातें बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही हैं।








You must be logged in to post a comment.