Chapra Temple Theft: बिहार के छपरा शहर में धार्मिक आस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बाजार स्थित ऐतिहासिक जय नारायण जी मंदिर से शुक्रवार रात चोरों ने करीब डेढ़ सौ साल पुरानी अष्टधातु की आठ बेशकीमती मूर्तियां चोरी कर लीं। इस वारदात से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है। चोरों ने सिर्फ मूर्तियां ही नहीं, बल्कि मंदिर से घंटे, भोग लगाने की थाली और आरती की थाली तक चुरा ली।

शनिवार सुबह जब पुजारी मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो मूर्तियां और अन्य सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल मंदिर के देखरेखकर्ता बृजमोहन प्रसाद ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह चोरी ऐसे समय हुई है जब धनतेरस के कारण मंदिर में ताला नहीं लगाया गया था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
चोरों ने सिर्फ अष्टधातु की मूर्तियों को बनाया निशाना, क्या थी प्लानिंग?
मंदिर की देखरेख करने वाले बृजमोहन प्रसाद ने पुलिस को बताया कि यहां कई वर्षों से नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती आ रही है, लेकिन इतनी बड़ी चोरी पहले कभी नहीं हुई थी। चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से केवल अष्टधातु की आठों मूर्तियों को निशाना बनाया। मंदिर में रखी मिट्टी की मूर्तियों और अन्य प्रतिमाओं को चोरों ने छुआ तक नहीं। इस बात से आशंका जताई जा रही है कि चोरों को इन प्राचीन और बहुमूल्य अष्टधातु की मूर्तियों की जानकारी पहले से थी। चोरी हुई मूर्तियां लगभग 150 साल पुरानी बताई जा रही हैं, जो इनकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को और बढ़ा देती हैं।
श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी, पुलिस जुटा रही सीसीटीवी फुटेज
प्राचीन मूर्तियों की चोरी की खबर फैलते ही श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी फैल गई है। लोगों की धार्मिक भावनाएं इस घटना से बुरी तरह आहत हुई हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष सूरज कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके और चोरी गई मूर्तियों को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके। पुलिस का कहना है कि वे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








