Bihar AQI: दिवाली की रात जमकर हुई आतिशबाजी का बुरा असर अब बिहार की हवा में साफ दिखने लगा है। सोमवार की सुबह राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक ढंग से बढ़ गया। कई इलाकों में आसमान में धुंध की मोटी परत छाई रही, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। राज्य में सबसे खराब स्थिति बेगूसराय की रही, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 548 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

AQI.in वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह बेगूसराय का AQI 548 पर पहुंच गया। मुजफ्फरपुर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 450 और बक्सर में 436 दर्ज किया गया, जो इन दोनों जिलों में भी हवा की बेहद खराब स्थिति को दर्शाता है। राजधानी पटना में भी सुबह AQI 308 रिकॉर्ड किया गया, जबकि मुंगेर में यह आंकड़ा 400 तक पहुंच गया। समस्तीपुर में 371 और दरभंगा में 351 AQI दर्ज हुआ। आरा में भी AQI 309 रहा। ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि दिवाली के बाद बिहार के अधिकांश प्रमुख शहरों की हवा जहरीली हो चुकी है।
बिहार के इन शहरों में हवा सबसे खराब, स्वास्थ्य पर मंडराया खतरा
दिवाली की शाम ढलने के बाद कई शहरों में जमकर आतिशबाजी हुई, जिससे निकला धुआं हवा में घुल गया। इसके बाद से ही कई शहरों में धुंध की परत दिखाई देने लगी थी, जिसका असर सुबह के समय और भी स्पष्ट रूप से नजर आया। पटाखों से निकलने वाला धुआं हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों की मात्रा को कई गुना बढ़ा देता है, जिससे हवा की गुणवत्ता बुरी तरह प्रभावित होती है। खासकर उन लोगों के लिए यह स्थिति ज्यादा खतरनाक है, जिन्हें पहले से सांस संबंधी बीमारियां हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के विभिन्न स्तरों से हवा की गुणवत्ता और स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव का पता चलता है:
- 0 से 50 AQI: अच्छी हवा
- 51 से 100 AQI: संतोषजनक
- 101 से 200 AQI: मध्यम
- 201 से 300 AQI: खराब
- 301 से 400 AQI: बेहद खराब
- 401 से 500 AQI: गंभीर
इस पैमाने के हिसाब से पटना, आरा और समस्तीपुर समेत कई जिलों में हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आ गई है। वहीं, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर और बक्सर में स्थिति ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच चुकी है, जो सीधे तौर पर स्वास्थ्य के लिए आपातकाल जैसी स्थिति है।
प्रदूषण से बचने के लिए क्या करें? मौसम विभाग का अनुमान
प्रदूषित हवा का असर हर उम्र के लोगों पर पड़ सकता है, लेकिन बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को इससे सबसे ज्यादा खतरा होता है। विशेषज्ञों ने लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
- जरूरत न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें।
- बाहर जाना जरूरी हो, तो उच्च गुणवत्ता वाले मास्क का इस्तेमाल करें।
- खुले मैदान में दौड़ने और व्यायाम करने से फिलहाल बचें।
- सांस लेने में परेशानी, खांसी या आंखों में जलन जैसी समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 11 नवंबर को राज्य के पांच जिलों – जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर – में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है, जिससे प्रदूषण में थोड़ी कमी आ सकती है।







