Araria Medical Negligence: बिहार के अररिया जिले में एक निजी नर्सिंग होम की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान 22 वर्षीय खुशबू कुमारी की मौत हो गई। इस मामले में मृतका के पिता मनोज मल्लिक ने नर्सिंग होम संचालक शहनवाज आलम और उसके सहयोगियों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पलासी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये ऐंठे गए, लेकिन बाद में उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी।

मनोज मल्लिक ने पुलिस को बताया कि भीखा गांव के वार्ड संख्या नौ की निवासी उनकी 22 वर्षीया पुत्री खुशबू कुमारी गर्भवती थीं। 11 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह अपनी बेटी को लेकर पलासी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे, जहां उसका इलाज चल रहा था।

स्वास्थ्य केंद्र से निजी नर्सिंग होम ले जाने का आरोप
मनोज मल्लिक के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब नौ बजे पलासी स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक ने बताया कि खुशबू की डिलीवरी अगले दिन तक होगी। इसी दौरान, आदर्श नर्सिंग होम के संचालक शहनवाज आलम ने उनसे संपर्क किया। आरोप है कि शहनवाज आलम ने खुशबू को अपने नर्सिंग होम ले जाने और वहीं प्रसव कराने की बात कही। इसके बाद, पिता अपनी बेटी को लेकर सिमुना कॉम्प्लेक्स स्थित आदर्श नर्सिंग होम पहुंचे।
30 हजार रुपये लेकर ऑपरेशन में लापरवाही का दावा
प्राथमिकी के मुताबिक, आदर्श नर्सिंग होम में संचालक शहनवाज आलम अपने सहयोगियों के साथ खुशबू को प्रसव के लिए अंदर ले गए। पिता मनोज मल्लिक का आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये की मोटी रकम वसूली गई। कुछ देर बाद उन्हें बताया गया कि डिलीवरी हो गई है और एक सहयोगी ने उन्हें नवजात बच्चा भी दिखाया।
मनोज मल्लिक ने अपनी शिकायत में कहा, ‘ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये लेने के बाद जब मैंने अपनी बेटी से मिलने की कोशिश की, तो मुझे मिलने नहीं दिया गया। बहुत देर तक प्रयास करने के बाद जब मैं उसके पास पहुंचा, तो मेरी बेटी खुशबू की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद नर्सिंग होम संचालक शहनवाज आलम और उनके सभी सहयोगी मौके से फरार हो गए।’
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक आदर्श नर्सिंग होम के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा रही। पलासी थाना पुलिस को मामले की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया है। इस दुखद घटना के बाद मृतका के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार संचालक व सहयोगियों की तलाश कर रही है।







