Bihar Liquor Seizure: मनोज कुमार झा दरभंगा।बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए दरभंगा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में अलीनगर पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को हुई दो अलग-अलग छापेमारी में कुल 98 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई और शराब तस्करी में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


बलैता घाट पुल के पास पकड़ी गई रॉयल स्टैग की बड़ी खेप
पहली कार्रवाई शुक्रवार को अलीनगर थाना द्वारा विशेष वाहन चेकिंग के दौरान हुई। एसएच 88 सड़क पर बलैता घाट पुल के पास एक टेम्पो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR07PC 7127) को रोका गया। तलाशी लेने पर टेम्पो की डिक्की में हरे रंग के दो बोरों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें रॉयल स्टैग ब्रांड की 750 मिलीलीटर की 20 बोतलें (कुल 15 लीटर) और 180 मिलीलीटर की 144 बोतलें (कुल 25.920 लीटर) शामिल थीं। इस तरह कुल 40.920 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
इस मामले में घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के बेला पोहद्दी गांव निवासी तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें अरविंद पंजियर (पिता श्रीनाथ पंजियार), रविंद्र कुमार (पिता लक्ष्मी पंजियार) और विवेक कुमार साहू (पिता जितेंद्र साहू) शामिल हैं। गिरफ्तार तीनों तस्करों पर मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मद निषेध न्यायालय, बेनीपुर कोर्ट भेज दिया गया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने थाना के पुलिस बल के साथ किया।
धरवा गाछी इलाके से देशी शराब के साथ चार तस्कर धराए
दूसरी बड़ी कार्रवाई अलीनगर मुख्यालय के धरवा गाछी इलाके में हुई। सुबह के समय गश्ती के दौरान थाना पुलिस ने सड़क से सटे एक सुनसान जगह पर चार देशी चुलाई शराब के तस्करों को डिलीवरी करते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने मौके से सफेद बोरे के अंदर हरे बोरे में रखी 287 पाउच देशी चुलाई शराब भी बरामद की। प्रत्येक पाउच में 200 एमएल शराब भरी थी, जिसकी कुल मात्रा 57.4 लीटर है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया। इस मामले में गिरफ्तार किए गए तस्करों में घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कोर्थु गांव निवासी श्याम लाल पासवान, सुमित कुमार और अलीनगर निवासी पंकज महतो व पिंटू महतो शामिल हैं। सभी चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। इस छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा के साथ एएसआई ओम प्रकाश कुमार यादव, एएसआई विकास कुमार और पीटीसी सुरेंद्र राम समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
अलीनगर पुलिस की इस दोहरी कार्रवाई से शराब तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।








You must be logged in to post a comment.