Munger News: तारापुर थाना क्षेत्र के धौनी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां किराये के मकान परिसर में एक 32 वर्षीय युवक का शव अमरूद के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

शव मिलने से मचा हड़कंप, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मृतक की पहचान हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। वह बिहमा मध्य विद्यालय में कार्यरत सहायक शिक्षिका कोमल कुमारी के पति थे। दंपती अनमोल दत्ता के मकान में किराये पर रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, हिमांशु ने कथित तौर पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे अमरूद के पेड़ से फंदा लगा लिया था। पति को इस हालत में फंदे पर लटका देख पत्नी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और हिमांशु को अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर ले जाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की पुष्टि होने के बाद से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। दंपती का एक दो वर्षीय पुत्र भी है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजकुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक का चश्मा, रस्सी काटने में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा पत्नी का मोबाइल जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रात्रि करीब 12:30 बजे एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का मु मुआयना किया और वहां से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हिमांशु मूल रूप से गुजरात की एक निजी कंपनी में जूनियर इंजीनियर के पद पर काम करते थे। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और पत्नी की शिक्षक पद पर नियुक्ति के बाद हिमांशु उनके साथ तारापुर में रहने लगे थे। करीब ढाई महीने पहले ही वे इस मकान में शिफ्ट हुए थे। पत्नी ने पुलिस को बताया कि हिमांशु अक्सर मजाक में फांसी लगाने की बात कहते थे। इस बीच, थानाध्यक्ष ने क्षेत्र के मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन जरूर कराएं। फिलहाल पुलिस इस मामले में हरसंभव एंगल से गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।







