Biraul police ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता चल रही तीनों नाबालिग बच्चियों को बस से सकुशल बरामद कर लिया है। प्रभास रंजन दरभंगा।

पुलिस प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि ये सभी लड़कियां बस के जरिए बिरौल की तरफ आ रही हैं। इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस महकमे में तुरंत हरकत तेज हुई और सफलता हाथ लगी।

बिरौल थाना पुलिस को जैसे ही यह जानकारी मिली कि लड़कियां बस में सवार होकर आ रही हैं, उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सोनकी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मुस्तैद सोनकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रास्ते में ही बस को रोका और तीनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस टीम अब इनसे पूछताछ कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें बिरौल थाना लेकर रवाना हो गई है।
एसएसपी ने की थी इनाम की घोषणा
इन बच्चियों की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन लगातार दबाव बनाए हुए था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से इनकी सही जानकारी या पहचान बताने वाले शख्स के लिए 25,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा भी की गई थी। पुलिस के बढ़ते दबाव और लगातार दबिश के कारण ही इनके वापस लौटने का अनुमान लगाया जा रहा है।
अब आगे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि आखिर ये तीनों लड़कियां इतने दिनों तक कहां थीं और इस दौरान वे किसके संपर्क में थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।







