Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र के बसौली बाबूराम गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घर के पास सड़क किनारे खेल रहे एक छह वर्षीय मासूम बच्चे को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

खेल-खेल में हुआ बड़ा हादसा
मृतक बच्चे की पहचान बसौली बाबूराम गांव निवासी रामबाबू राय के छह वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रितिक अपने घर के आगे सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वहां से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर तेजी से फरार हो गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली। पिता रामबाबू राय तुरंत मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ बच्चे को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक मासूम दम तोड़ चुका था।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलने पर गरहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद बच्चे का अंतिम संस्कार किया गया।
पिता के आवेदन पर एफआईआर दर्ज
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित पिता रामबाबू राय ने गरहां थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाने के प्रभारी सह सहायक थानाध्यक्ष विक्की कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार का आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए केस को यातायात थाना पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।







