Shahpur Chhath Puja के मौके पर भोजपुर जिले के शाहपुर बाजार में शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर शहरी और ग्रामीण इलाकों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है, जहां लोग आस्था के साथ अपनी जरूरी खरीदारी में जुटे हैं।

बाजार में उमड़ी भीड़ और पुलिस तैनाती
शनिवार को दिनभर बाजार की सड़कों और दुकानों पर जबरदस्त चहल-पहल बनी रही। व्रतियों और उनके परिजनों ने पूजा के लिए सूप, दउरा, नारियल, ईख, केला, सेब, संतरा, अनानास, अदरक, हल्दी समेत अन्य जरूरी पूजन सामग्रियों की जमकर खरीदारी की। फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों का तांता लगा रहा।

भीड़भाड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। बाजार में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुगम यातायात के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि खरीदारी करने पहुंचे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रविवार को दिया जाएगा पहला अर्घ्य
नियम और निष्ठा के साथ मनाए जाने वाले इस चार दिवसीय महापर्व के तहत रविवार को व्रती अचल आस्था के साथ डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके अगले दिन यानी सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय इस अनुष्ठान का भव्य समापन होगा।







