India Nepal Border Security को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। बगहा में आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए एसएसबी और बिहार पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में दिन-रात निगरानी रखी जा रही है.

विभिन्न संवेदनशील इलाकों और छठ घाटों पर संयुक्त गश्ती
सुरक्षाबलों की ओर से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत एसएसबी की 21वीं बटालियन और बिहार पुलिस के जवानों ने कई महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया। इस संयुक्त गश्ती दल का नेतृत्व एसएसबी इंस्पेक्टर नरेश कुमार और वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से किया। जवानों ने जीरो आरडी से तीन आरडी, टंकी बाजार, विजयपुर और गोल चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में पैदल और वाहनों से गश्त की। इस दौरान सीमा पार से होने वाली आवाजाही और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो.

नदी तटीय इलाकों और छठ घाटों पर बढ़ाई गई चौकसी
सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ जलमार्गों और नदी के किनारों पर भी सुरक्षा का कड़ा पहरा बिठाया गया है। एसएसबी के जवान कलेश्वर, वाल्मीकि आश्रम और नेपाल सीमा से सटी नारायणी व तमसा नदी के तटीय इलाकों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। छठ घाटों पर जुटने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नदी के किनारों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है. स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है कि पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल हर वक्त मुस्तैद हैं और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है.







