Ara News की जद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां भोजपुर जिले के खवासपुर थाना क्षेत्र के जानकी बाजार गांव में एक दो महीने की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज में डेढ़ लाख रुपये की मांग को लेकर बेल्ट से गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की पहचान जानकी बाजार गांव निवासी कल्लू साह की 20 वर्षीया पत्नी नंदनी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और आरोपी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

शादी के कुछ महीनों बाद ही शुरू हो गई थी प्रताड़ना
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के शोभा छपरा गांव निवासी शिव कुमार साह ने अपनी पुत्री नंदनी की शादी इसी वर्ष 12 मार्च को खवासपुर थाना क्षेत्र के जानकी बाजार गांव निवासी रामजी साह उर्फ अशोक साह के पुत्र कल्लू साह के साथ की थी। मृतका के परिजन नीतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि शादी के महज चार दिन बाद से ही पति कल्लू साह और अन्य ससुराल वाले दहेज में डेढ़ लाख रुपये की नकदी की मांग करने लगे थे। इस मांग को लेकर नंदनी के बड़े भाई शैलेश कुमार गुप्ता को पहले बंधक भी बनाया गया था। हालांकि आपसी समझौते के बाद उन्हें मुक्त कराया गया, लेकिन इसके बाद से लगातार विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। घटना से चार दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी।

नाक से खून और गले पर मिले निशान, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शुक्रवार की शाम ग्रामीणों के माध्यम से मायके वालों को इस अनहोनी की सूचना मिली, जिसके बाद वे कोलकाता और अन्य स्थानों से तत्काल जानकी बाजार पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि नंदनी के नाक से खून निकला हुआ था और उसके गले पर काले रंग के गहरे निशान बने हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया जिन्होंने वहां से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस कार्रवाई और मायके में छाया मातम
खवासपुर थानाध्यक्ष ने इस मामले में जानकारी दी है कि विवाहिता की मौत के बाद से सभी ससुराल वाले फरार चल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं मिला है, लेकिन आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई और नामजद रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे। मृतका तीन भाई और तीन बहनों में शामिल थी और वह दो महीने की गर्भवती थी। उसके मायके के लोग मूल रूप से कोलकाता में रहते हैं। इस दुखद घटना के बाद मां रीना देवी, भाइयों शैलेश, आकाश, कृष्ण और बहनों सलोनी तथा कामिनी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।







