Patna Road Accident: पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने सबको स्तब्ध कर दिया है. राघोपुर तीनमुहानी के पास एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार संतोष पांडेय (40 वर्ष) को बेरहमी से कुचल दिया. इस भीषण Patna Road Accident में संतोष पांडेय की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रक इतनी तेज गति में था कि बाइक सवार को संभलने का मौका ही नहीं मिला. हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक तुरंत वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे गुस्सा और भड़क उठा.
इस दर्दनाक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. उन्होंने संतोष पांडेय के शव को सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया, जिसके कारण इलाके में यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं.
गुस्साए ग्रामीणों ने रखीं ये बड़ी मांगें
सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की. उनकी प्रमुख मांगों में क्षेत्र में भारी वाहनों के बेलगाम परिचालन पर तत्काल नियंत्रण लगाना शामिल था. इसके अलावा, ग्रामीणों ने सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने और बिहटा की यातायात व्यवस्था में सुधार करने की भी पुरजोर मांग की.
ग्रामीणों ने कहा, ‘रोजाना इस सड़क पर भारी वाहनों का आतंक रहता है. प्रशासन की लापरवाही से आज एक और जिंदगी चली गई. जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती, हम सड़क से नहीं हटेंगे.’
पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है. हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और यातायात व्यवस्था में सुधार की ठोस पहल होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं. इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.







