Bihar Convocation: दरभंगा। दरभंगा स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय में आठवें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। पांच दिसंबर को प्रस्तावित इस भव्य समारोह की अध्यक्षता मा. कुलाधिपति ले.ज.(रि.) सैयद अता हसनैन जी करेंगे। विश्वविद्यालय प्रबंधन इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। कुलपति प्रो लक्ष्मीनिवास पांडेय की अध्यक्षता में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब दर्जन भर समितियों के संयोजक और विभाग अध्यक्ष शामिल हुए।

बैठक में मुख्य अतिथि, दीक्षांत भाषण कर्ता समेत कई अहम बिंदुओं पर गहन चर्चा हुई। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित अतिथियों से तत्काल संपर्क कर उनकी स्वीकृति प्राप्त की जाए। इसके साथ ही, कुलपति की अगुआई में बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री से मिलकर उन्हें इस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।

उच्च शिक्षा मंत्री को न्योता, खर्चों का आकलन
विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि बैठक में परीक्षा विभाग को वर्ष 2020 से 2025 तक विभिन्न संकायों में प्रमाण पत्र पाने वाले छात्रों और गवेषकों की निश्चित संख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। समारोह में होने वाले कुल खर्चों का एक मोटा-मोटी आकलन भी प्रस्तुत किया गया। सभी समिति संयोजकों से अगले दो दिनों के भीतर इस संबंध में स्पष्ट ब्यौरा मांगा गया है, ताकि वित्त समिति और फिर सिंडिकेट की सहमति के बाद आर्थिक आकलन को अंतिम रूप दिया जा सके।
गणवेश और गोल्ड मेडल पर भी विचार
समीक्षा बैठक में गवेषकों और मान्य अतिथियों के गणवेश (पहनावे) के स्वरूप पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा, Bihar Convocation के दौरान प्रदान किए जाने वाले गोल्ड मेडल के निर्माण और मुद्रण संबंधी कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया। सभी उपस्थित समिति संयोजकों और विभाग अध्यक्षों ने अपने महत्वपूर्ण विचार और सुझाव साझा किए, जो समारोह की सफलता के लिए आवश्यक माने गए।
दीक्षांत समारोह की सफल तैयारी हेतु गठित समितियां
आठवें दीक्षांत समारोह के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न कार्यों हेतु लगभग एक दर्जन समितियों का गठन किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
- स्वागत समिति
- मंच अलंकरण एवं सम्मान व्यवस्था समिति
- मण्डप निर्माण समेत आसन व्यवस्था समिति
- भोजन एवं आवास व्यवस्था समिति
- सफाई व साज व्यवस्था समिति
- प्रेस समिति
- स्वर्ण पदक निर्माण समिति
- गणवेश आपूर्ति समिति
- वित्त समिति
- प्रमाण पत्र वितरण समिति
- प्रमाण पत्र लेखन समिति
- मुद्रण एवं प्रकाशन समिति
इन समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगी कि पांच दिसंबर को होने वाला यह दीक्षांत समारोह ऐतिहासिक और यादगार बने, जिससे छात्रों और विश्वविद्यालय दोनों का गौरव बढ़ेगा।







