Bihar Politics: बिहार की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट बढ़ गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अप्रत्याशित ऑफर देते हुए कहा है कि ‘चाचा के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला रहेगा’। इस बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। रोहिणी आचार्य ने यह बात गोपालगंज में मीडिया से बातचीत के दौरान कही, जहां वे अपने माता-पिता लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के साथ एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं।

नीतीश कुमार को आरजेडी का खुला न्योता
आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार के लिए अपने दिल के दरवाजे खुले होने की बात कही। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘अपनों के लिए हमेशा दरवाजे खुले रहते हैं। हम लोग बचपन से उन्हें चाचा बोलते आ रहे हैं। हम सब लोग एक ही परिवार के हैं।’ रोहिणी आचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि अब यह नीतीश कुमार को तय करना है कि वह इस न्योते पर क्या रुख अपनाते हैं। उन्होंने कहा कि लालू परिवार हमेशा से नीतीश कुमार को सम्मान देता आया है और आगे भी यही चाहता है।
रोहिणी आचार्य ने कहा, ‘लालू परिवार चाहता है कि नीतीश कुमार को हमेशा मान-सम्मान मिले, जिस तरह से आरजेडी परिवार ने उन्हें हमेशा दिया।’
बीजेपी पर बरसीं रोहिणी आचार्य, बेटे निशांत का अपमान मुद्दा
मीडिया से बातचीत में रोहिणी आचार्य ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की वजह से नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को अपमानित होना पड़ रहा है। रोहिणी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनकी आदत है कि जब तक फायदा होता है, वे इस्तेमाल करते हैं और फिर फेंक देते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मियों द्वारा निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे से बाहर करने की घटना पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन को लेकर भी सवाल उठाए।
लालू परिवार का गोपालगंज दौरा और राजनीतिक बयानबाजी
लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोपालगंज पहुंचे थे। यहां आरजेडी कार्यकर्ताओं ने तीनों का भव्य स्वागत किया। इसी दौरान रोहिणी आचार्य ने मीडिया से बातचीत की और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है कि क्या आरजेडी और जेडीयू के बीच फिर से कोई सियासी समीकरण बन सकता है।
रोहिणी आचार्य का यह बयान ऐसे समय आया है जब बिहार में राजनीतिक समीकरण लगातार बदल रहे हैं। अब देखना होगा कि आरजेडी के इस खुले न्योते पर नीतीश कुमार और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) का क्या रुख रहता है, और क्या भविष्य में बिहार की राजनीति कोई नया मोड़ लेगी।
इससे पहले ये था रोहिणी आचार्य का सवाल। “ठगों के सरदार” करने जुमलों की बौछार, आ रहे फिर से बिहार ..
मोदी जी ने बिहार को ‘विशेष राज्य का दर्जा’ और सवा लाख करोड़ के पैकेज के जो सपने दिखाए, वो आज भी महज जुमला ही हैं। बिहार के हिस्से केवल बंद चीनी मिलों के खुलने का अंतहीन इंतजार और रोजगार का संकट ही आया है। ‘डबल इंजन’ की सरकार का शोर मचाने वाले मोदी जी के पास अपने पुराने अधूरे वादों का हिसाब देने के लिए कभी वक्त नहीं होता; वे जब भी आते हैं, जुमलों का नया पिटारा खोल देते हैं।
बिहार की जनता अब इनकी जुमलेबाजी को अच्छी तरह समझ चुकी है , ये जान चुकी है कि ” मोदी जी की बातों की कोई गारंटी नहीं है , ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ और मोदी जी की बातें एक समान ही हैं।”








You must be logged in to post a comment.