आकिल हुसैन, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर, राजनगर में कृषि के लिए विद्युत संबंध शिविर का उद्घाटन फीता काटकर किया। उन्होंने बताया गया कि किसानों को अब डीजल पंप के बजाए बिजली पंप का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे कृषि में लागत कम होगी। उपज भी ज्यादा होगी। उन्होंने कहा कि किसानों से मात्र .75 पैसे प्रति यूनिट की दर से विद्युत शुल्क की वसूली की जाएगी। यह अन्य उपभोक्ताओं के लिए लगभग पांच रुपए प्रति यूनिट है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बुधवार को सभी प्रखंड मुख्यालयों में कृषि के लिए विद्युत संबंध शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें कृषक अपना आवेदन दे सकते हैं। किसान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी अपना आवेदन दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों को सिंगल फेज श्रेणी के लिए 75 रूपया व अधिष्ठापन शुल्क चार सौ व प्रतिभूति राशि प्रति एचपी चार सौ लिया जाना है। नए कनेक्शन के लिए पहचान पत्र, जमीन से संबंधित कागजात उपलब्ध कराना होगा। साथ ही विद्युत संरचना उपलब्ध रहने पर सात दिनों के अंदर विद्युत संबंध जोड़ा जाएगा। सहायक विद्युत अभियंता,आपूर्ति गौरव कुमार ने देशज टाइम्स को बताया कि जिले में विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों पर लगाए गए शिविर के माध्यम से कुल 719 आवदेन जमा प्राप्त हुए हैं। राजनगर प्रखंड मुख्यालय पर 62 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त आवेदनों पर विद्युत संबंध देने की कार्रवाई की जा रही है।

मौके पर डीएम ने लोगों में जागरूकता लाने के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर विद्युत कार्यपालक अभियंता आपूर्ति अजय कुमार,जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता परियोजना साजिद हुसैन, सहायक विद्युत अभियंता आपूर्ति गौरव कुमार समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।









You must be logged in to post a comment.