Bihar Vigilance Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई, पटना की टीम ने मंगलवार को बांका में छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की जा रही है। हरेंद्र कुमार वर्तमान में बांका में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।
निगरानी विभाग की टीम ने बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यालय समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। टीम के अचानक पहुंचने से विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने कार्यालय में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फाइलों और अन्य कागजातों की गहन जांच की। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
इंजीनियर के पटना और वैशाली स्थित ठिकानों पर भी रेड
विशेष निगरानी इकाई ने कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से संबंधित मामला दर्ज किया है। इसी मामले में मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम बांका के अलावा पटना और वैशाली में भी जांच कर रही है। अधिकारी हरेंद्र कुमार से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी लगातार नजर बनाए हुए हैं।
निगरानी टीम द्वारा की गई छापेमारी के प्रमुख ठिकाने इस प्रकार हैं:
- पटना के महावीर नगर में जनक नंदिनी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 307
- पटना के बेउर चौराहा स्थित 6 फ्लोर का मकान
- वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा गांव का घर
- बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग का दफ्तर
नोटों की गड्डियां और ज्वेलरी बरामद
निगरानी विभाग की टीम दो वाहनों से लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यालय पहुंची और विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान टीम को नोटों की गड्डियां, ज्वेलरी और कुछ कागजात भी मिले हैं। हालांकि, निगरानी विभाग ने इस संबंध में अभी कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई समाप्त होने के बाद ही बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में विशेष निगरानी इकाई की कार्रवाई जारी है। यह छापेमारी सरकारी महकमों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और ऐसे अधिकारियों के लिए एक कड़ी चेतावनी है।







