

दरभंगा। उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में कोविड टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की गयी।
मिली जानकारी, सभी को प्रथम डोज का लग चुका टीका…
समीक्षा में पाया गया कि अधिकतर प्रखण्ड के पदाधिकारियों/कर्मियों की ओर से यह प्रतिवेदित किया जा रहा है कि प्रथम डोज के लिए लाभुक नहीं मिल रहे हैं, लगभग सभी को प्रथम डोज का टीका लग चुका है।
उप विकास आयुक्त ने 15 अक्टूबर तक इस आशय का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए जीविका के बीपीएम, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया कि उनके प्रखंड में सभी लोगों को प्रथम डोज का टीका लग चुका है।
इसके साथ ही उन्होंने देय सूची के अनुसार लगभग 1 लाख 75 हजार लोगों को द्वितीय डोज का टीका तेजी से लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जब देय सूची के अनुसार प्रत्येक प्रखण्ड में 05 से 10 हजार लोगों को द्वितीय डोज का टीका देय है, तो फिर टीकाकरण क्यों नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इसका तातपर्य है कि भ्रमण टीका दल द्वारा ठीक से काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रखण्ड स्तर पर बने कंट्रोल रूम से प्रत्येक 02 घंटे पर सभी भ्रमण टीकाकरण दल से फीडबैक लेते रहने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया।
उन्होंने कहा कि यदि टीकाकरण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पायी गई, तो संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान पंडालों में भी टीकाकरण करवाया जाएगा।
बैठक में सहायक समाहर्त्ता अभिषेक पलासिया, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, डी.आर.डी.ए. निदेशक अभिषेक रंजन, डी.पी.एम. हेल्थ विशाल कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बी.पी.एम. व अन्य ऑनलाईन जूड़े हुए थे।









You must be logged in to post a comment.