नवादा जिले के रजौली थाने सवैयाटाड़ पंचायत के चटकरी स्थित अवैध रूप से संचालित शारदा अभ्रक खदान खनन करने के दौरान मंगलवार को चाल धंसने से कृष्णा चौधरी के 13 साल के पुत्र नीरज चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल है।जिन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से निकालकर झारखंड राज्य के कोडरमा जिले के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।जहां चिंताजनक हालत में उसका इलाज चल रहा है।
मंगलवार को अवैध खनन करने के लिए कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के जौनपुर गांव के कृष्णा चौधरी के पुत्र नीरज कुमार, जौनपुर गांव के पासी टोला के निवासी गुड़िया देवी अपने पति मनमें चौधरी के साथ अवैध खनन करने के लिए गई थी।
इसी दौरान अभ्रक का एक बड़ा सा चट्टान इन तीनों के ऊपर गिर गया। जिससे तीनों लोग दब गए। आसपास काम कर रहे मजदूर दौड़कर जब तक वहां पहुंचे तब तक 13 वर्षीय नीरज की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।







