
नेपाली शराब: बिहार में शराबबंदी है, लेकिन तस्करों की चांदी काटने की कोशिशें जारी हैं। अररिया में सीमा सुरक्षा बल (SSB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बाइक सवार एक तस्कर को भारी मात्रा में नेपाली शराब के साथ धर दबोचा। इस दौरान उसके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 297 लीटर नेपाली शराब बरामद
अररिया। फुलकाहा सीमा सुरक्षा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी की फुलकाहा सीमा चौकी की विशेष गश्ती टीम ने शुक्रवार को मानिकपुर के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित स्तंभ संख्या 188/4 के भारतीय क्षेत्र में करीब 500 मीटर अंदर एक बाइक सवार तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके पास से 297 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई, जिसे 990 बोतलों में बोरों और कार्टन में भरकर ले जाया जा रहा था। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन मोटरसाइकिल पर कुछ तस्कर भारी मात्रा में शराब लेकर आ रहे हैं। कार्रवाई के दौरान, टीम ने इन तस्करों का पीछा किया। एसएसबी को देखते ही दो तस्कर अपनी-अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार तस्कर छोटू यादव (31 वर्ष), पुत्र देव नारायण यादव, वार्ड संख्या 12, मानिकपुर निवासी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
तीन मोटरसाइकिल जब्त, आबकारी विभाग को सौंपा गया तस्कर
इस कार्रवाई में शराब ढुलाई में उपयोग की जा रही तीनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार शराब तस्कर से प्रारंभिक पूछताछ के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद, बरामद नेपाली शराब और गिरफ्तार तस्कर को अररिया स्थित आबकारी विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया है। आबकारी विभाग अब फरार तस्करों की तलाश में जुट गया है। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें







