Bihar Mahaviri Jhanda: बिहार के जाले स्थित दोघरा पुरानी बाजार में 60वां महावीरी झंडा महोत्सव मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है. इस दौरान पूरा इलाका ‘जय बजरंगबली’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा. पांच गांवों के झंडों का मिलान हुआ, जिसमें सीतामढ़ी और मधुबनी सहित आसपास के हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया.

महोत्सव स्थल के साथ ही तीन किलोमीटर की परिधि में दंडाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी. एसडीपीओ सदर-2 समेत कई वरीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे थे. पंचायत भवन परिसर में एसडीपीओ सदर-2, पुलिस निरीक्षक रामेश्वर साफी, सीओ मधुमिता कुमारी, बीईओ प्रमोद कुमार, जीविका बीपीएम देवदत्त और थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के साथ उपस्थित रहे.
परंपरा और आस्था का अद्भुत संगम
परंपरा के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे ‘जय शिव, जय शिव, बजरंगबली’ के नारों के साथ लतराहा गांव का झंडा सबसे पहले मिलान स्थल पहुंचा. इसका नेतृत्व अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार ने किया. गाजे-बाजे और जुलूस के साथ पहुंचे इस झंडे को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से स्थापित किया गया.
इसके बाद दोघरा झंडा समिति के अध्यक्ष नरेश पासवान के नेतृत्व में दोघरा गांव का विशाल झंडा विषहर चौक पहुंचा. लतराहा के जुलूस ने उसका स्वागत करते हुए मिलान स्थल तक पहुंचाया. फिर, सीतामढ़ी जिले के बोखरा प्रखंड क्षेत्र के सौरिया गांव का झंडा श्रद्धालुओं के साथ आया, जिसका स्वागत लतराहा और दोघरा के जुलूसों ने किया. शत्रुघ्न साह के नेतृत्व में चकमिल्की गांव का झंडा भी पहुंचा, जिसका चारों झंडों के जुलूसों ने आपसी अभिवादन के साथ स्वागत किया.
अंत में, नगरडीह गांव का झंडा दोपहर करीब तीन बजे विषहर चौक पहुंचा. काजी बहेरा पंचायत के पूर्व मुखिया महेश प्रसाद के नेतृत्व में इस झंडे ने लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय की थी. वहां पहले से मौजूद चारों झंडा समितियों के जुलूसों ने उसका भी स्वागत कर मिलान स्थल तक पहुंचाया.
मेले में उमड़ी भीड़, जमकर हुई खरीदारी
इस अवसर पर मेले में दर्जनों छोटी-बड़ी दुकानें सजी थीं. चलती-फिरती दुकानों के अलावा, युवतियों और महिलाओं ने सामा-चकेवा से संबंधित सामानों की जमकर खरीदारी की. छोटे बच्चे और किशोर विभिन्न प्रकार के वाद्ययंत्र खरीदकर बजाते हुए नजर आए, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उमंग का माहौल था.
विधायक जीवेश कुमार भी इस महोत्सव में पहुंचे और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हनुमानजी की विधिवत पूजा-अर्चना की. इस दौरान जदयू राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य वली इमाम बेग चमचम, नगर परिषद अध्यक्ष पिंटू मेहता, उपाध्यक्ष और दोघरा व आसपास की पंचायतों के मुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. महोत्सव का शांतिपूर्ण और सफल समापन स्थानीय प्रशासन और आयोजकों के लिए बड़ी उपलब्धि रही, जिसने हजारों श्रद्धालुओं को आस्था के इस महापर्व में शामिल होने का अवसर दिया.








You must be logged in to post a comment.